जहानाबाद में पिछले महीने भतीजे की हुई थी हत्या, आज चाचा को भी मार दी गोली; हालत नाजुक!

Jehanabad Firing News: जहानाबाद के ओकरी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने मुन्ना कुमार को घेरकर गोलियों से भूना. 15 मई को भतीजे शिवम उर्फ गोलू की हुई थी हत्या. गंभीर हालत में PMCH पटना रेफर. पढ़ें पूरी रिपोर्ट.

Jehanabad Firing News(संजय अनुराग): जहानाबाद जिले के ओकरी थाना क्षेत्र से इस वक्त की एक रूह कँपा देने वाली बड़ी वारदात सामने आ रही है. यहाँ अपराधियों ने दुस्साहस की सारी हदें पार करते हुए रविवार को एक अधेड़ व्यक्ति को घेरकर अंधाधुंध गोलियां मार दीं. घायल की पहचान भेलावर थाना क्षेत्र के निसरपुरा गांव निवासी मुन्ना कुमार के रूप में हुई है. सनसनीखेज बात यह है कि पिछले महीने ही अपराधियों ने मुन्ना कुमार के सगे भतीजे की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी थी और अब ठीक उसी तर्ज पर चाचा को भी रास्ते में रोककर निशाना बनाया गया है. मुन्ना कुमार को गंभीर हालत में पटना रेफर किया गया है.

भतीजे की मौत का एक महीना भी नहीं हुआ था पूरा, अब चाचा पर बरसीं गोलियां

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, घायल मुन्ना कुमार रविवार को कुछ लोगों के साथ जहानाबाद शहर से अपने पैतृक गांव निसरपुरा लौट रहे थे. जैसे ही वे ओकरी थाना क्षेत्र के कोईरी बीघा गांव के पास पहुंचे, वहां ईंट भट्ठे के नजदीक पहले से ही हथियारबंद अपराधी घात लगाए बैठे थे. अपराधियों ने मुन्ना कुमार को देखते ही चारों तरफ से घेर लिया और उन पर ताबड़तोड़ गोलियों की बौछार कर दी. स्थानीय लोगों ने बताया कि अभी एक महीना भी पूरा नहीं बीता है कि घायल मुन्ना कुमार के छोटे भाई सुभाष कुमार के पुत्र शिवम उर्फ गोलू की अपराधियों ने बेरहमी से पिटाई की थी. 15 मई को हुई इस मारपीट के बाद इलाज के दौरान 17 मई को गोलू की मौत हो गई थी, जो पेशे से डेकोरेशन का काम करता था.

गवाह को रास्ते से हटाने की साजिश? सदर अस्पताल से पीएमसीएच पटना रेफर

भतीजे गोलू के हत्याकांड में जो अपराधी नामजद आरोपी बने थे, आरोप है कि उन्हीं बदमाशों ने अब केस को कमजोर करने या रंजिश के तहत चाचा मुन्ना कुमार को सीधे टारगेट किया है. गोलीबारी के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई, जिसका फायदा उठाकर अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो गए.

आसपास के ग्रामीणों और परिजनों के सहयोग से लहूलुहान मुन्ना कुमार को तुरंत जहानाबाद सदर अस्पताल लाया गया. अस्पताल के डॉक्टरों ने उनकी गंभीर और चिंताजनक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए तुरंत पीएमसीएच (PMCH) पटना रेफर कर दिया है. जहाँ वे जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं. इस दुस्साहसिक वारदात के बाद निसरपुरा और आसपास के पूरे इलाके में भारी आक्रोश और तनाव का माहौल व्याप्त है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की तहकीकात में जुट गई है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए नाकेबंदी कर छापेमारी की जा रही है.

ये भी पढ़ें: रोहतास में NHAI और प्रशासन के दावों की खुली पोल: हल्की बारिश में ही जलजमाव; एक साल बाद भी अधूरा है नाला!

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >