Jehanabad Jagannath Rath Yatra: शहर के अलगाना मोड़ स्थित श्री राम जानकी मंदिर के तत्वावधान में गुरुवार को पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ भगवान श्री जगन्नाथ, बलराम और सुभद्रा जी की भव्य रथ यात्रा निकाली गई. इस दिव्य रथ यात्रा का शुभारंभ मंदिर परिसर से विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना के बाद किया गया.
रथ यात्रा शहर के काको मोड़, अस्पताल मोड़ और अरवल मोड़ सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए ठाकुरबाड़ी पहुंची. इसके बाद रात्रि में पुनः मंदिर परिसर के लिए रवाना हुई. रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जय जगन्नाथ और जय श्रीराम के उद्घोष से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया.
25 फीट ऊंचा भव्य रथ बना आकर्षण का केंद्र
भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के लिए 25 फीट ऊंचा भव्य रथ तैयार किया गया था, जिसे विशेषज्ञों द्वारा आकर्षक फूलों से सजाया गया था. रथ पर भगवान जगन्नाथ, बलराम और सुभद्रा विराजमान थे, जिनके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. पूरे मार्ग में भक्तों के बीच महाप्रसाद का वितरण भी किया गया.
संकीर्तन, भजन और शंखनाद से गूंजा शहर
रथ यात्रा के दौरान संकीर्तन, भजन और शंखनाद से पूरा शहर गूंजता रहा. जिस मार्ग से रथ यात्रा गुजरी, वहां का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया. भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु रस्सी थामे नजर आए. रथ यात्रा के आगे बढ़ने के साथ ही श्रद्धालुओं का हुजूम भी बढ़ता चला गया.
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
रथ यात्रा को लेकर सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए थे. शहर के प्रत्येक प्रमुख चौक-चौराहे पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी. इसके अलावा रथ यात्रा के साथ भी पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मी मुस्तैद रहे, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई.
पुजारी कन्हैया दास जी महाराज के नेतृत्व में हुआ आयोजन
श्री राम जानकी मंदिर के पुजारी कन्हैया दास जी महाराज तथा विनोद शर्मा के नेतृत्व में रथ यात्रा का आयोजन किया गया. रथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला. बड़ी संख्या में लोगों ने भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की.
