जहानाबाद नगर. आगामी बराबर श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में डीएम ने सभी कोषांगों के वरीय प्रभारी और नोडल पदाधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों के अनुसार माइक्रो प्लान तैयार कर तत्काल कार्य शुरू करने का निर्देश दिया. उन्होंने सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करने पर विशेष जोर दिया.
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को प्राथमिकता
बैठक में डीएम ने कहा कि सभी कोषांग आपसी समन्वय और नियमित अनुश्रवण के साथ कार्य करें ताकि श्रावणी मेला में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो. उन्होंने सुरक्षा, सुविधा और सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया.
साफ-सफाई से लेकर स्वास्थ्य और पार्किंग व्यवस्था की समीक्षा
समीक्षा बैठक के दौरान मेला क्षेत्र में साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, आवासन, यातायात, पार्किंग, विधि-व्यवस्था, आपदा प्रबंधन तथा मीडिया प्रचार-प्रसार सहित सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई. डीएम ने संबंधित अधिकारियों को समय पर सभी आवश्यक कार्य पूरा करने का निर्देश दिया.
मॉक ड्रिल और सीसीटीवी व्यवस्था होगी मजबूत
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि मेला शुरू होने से पहले एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, होमगार्ड और अग्निशमन दल के साथ संयुक्त मॉक ड्रिल आयोजित की जाए. साथ ही मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर नेटवर्क से जुड़े सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर उन्हें समय पर चालू करना सुनिश्चित किया जाए, ताकि पूरे मेला क्षेत्र की प्रभावी निगरानी की जा सके.
बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्तागण, सभी संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, कार्यपालक पदाधिकारी तथा विभिन्न कोषांगों के नोडल पदाधिकारी उपस्थित रहे. बैठक में सभी विभागों को निर्धारित समय के भीतर तैयारियां पूरी कर सफल और सुरक्षित श्रावणी मेला आयोजित कराने का निर्देश दिया गया.
