जहानाबाद: श्रावणी मेला को लेकर प्रशासन अलर्ट, बराबर में श्रद्धालुओं को मिलेंगी सभी बुनियादी सुविधाएं

जहानाबाद के बाबा सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में श्रावणी मेला सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने किए पुख्ता इंतजाम, श्रद्धालुओं को मिलेंगी सभी सुविधाएं.

Jehanabad News: जिले के ऐतिहासिक पर्यटक स्थल बराबर स्थित बाबा सिद्धेश्वर नाथ धाम में श्रावणी मेला के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को सभी प्रकार की बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. मेला का आयोजन सुरक्षित और हादसामुक्त हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है. यह बातें डीएम छिरिड वाई भूटिया ने समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में कहीं.

श्रद्धालुओं को नहीं होगी किसी तरह की परेशानी

डीएम ने कहा कि बाबा सिद्धेश्वर नाथ मंदिर तक पहुंचने के लिए रास्तों को दुरुस्त किया गया है ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो. मेला क्षेत्र में सात स्थानों पर ड्रॉप गेट बनाए गए हैं. अधिक भीड़ होने की स्थिति में श्रद्धालुओं को ड्रॉप गेट पर ही नियंत्रित किया जाएगा, ताकि मंदिर परिसर में भीड़ का दबाव न बढ़े.

सात मेडिकल कैंप और तीन कंट्रोल रूम की व्यवस्था

मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सात मेडिकल कैंप लगाए गए हैं. इसके अलावा तीन स्थानों पर कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं. पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी मदद से लगातार निगरानी की जाएगी. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम का गठन भी किया गया है.

हेल्पडेस्क से मिलेगी जरूरी जानकारी

डीएम ने बताया कि बराबर पहाड़ी क्षेत्र की साफ-सफाई कराई गई है. श्रद्धालुओं की सहायता के लिए हेल्पडेस्क भी बनाया गया है, जहां से मेला और अन्य सुविधाओं से जुड़ी जानकारी प्राप्त की जा सकेगी. उन्होंने बताया कि गुरुवार को जिले के प्रभारी मंत्री द्वारा श्रावणी मेला का उद्घाटन किया जाएगा.

सुरक्षा के विशेष इंतजाम

प्रेस वार्ता में एसपी कोटा किरण कुमार ने कहा कि मेला क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. विशेष रूप से रविवार और सोमवार को अधिक भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी. सोमवार के लिए अलग से अधिकारियों की टीम तैनात की गई है, जबकि अन्य दिनों के लिए भी अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है.

उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है और श्रद्धालुओं को दिन-रात सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जाएगा. श्रद्धालु निर्भीक होकर बाबा सिद्धेश्वर नाथ का जलाभिषेक करें, प्रशासन उनकी सुरक्षा और सुविधा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. प्रेस वार्ता में डीडीसी सह डीआरडीए निदेशक डॉ. रोहित मिश्रा और डीपीआरओ निपुण भी उपस्थित थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Mritunjay Jehanabad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >