Jehanabad environmental conservation: अखिल विश्व गायत्री परिवार की युवा इकाई प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ के तत्वावधान में रविवार को 269वें साप्ताहिक पौधरोपण अभियान के तहत मंडल कारा परिसर में ‘‘धन्वंतरि उद्यान’’ का निर्माण किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री मंत्रोच्चार तथा परम पूज्य पं. श्रीराम शर्मा आचार्य एवं वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के आदर्शों के स्मरण के साथ हुई.
औषधीय और छायादार पौधों का किया गया रोपण
पर्यावरण संरक्षण और मानव स्वास्थ्य का संदेश देते हुए कार्यक्रम के दौरान तुलसी, आंवला, गिलोय, अशोक, बेल, तेजपत्ता, एलोवेरा, करी पत्ता, इलायची, लेमन ग्रास, नींबू, हरड़ और बहेड़ा सहित विभिन्न औषधीय एवं छायादार पौधों का सामूहिक पौधरोपण किया गया.
औषधीय पौधे भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर : कारा अधीक्षक
मौके पर कारा अधीक्षक अजीत कुमार ने कहा कि पौधे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मानव जीवन को स्वस्थ, सुरक्षित और संतुलित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. उन्होंने कहा कि औषधीय पौधे भारतीय संस्कृति और आयुर्वेद की अमूल्य धरोहर हैं, जिनका संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है.
पांच वर्षों से लगातार चल रहा है अभियान
प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ पिछले पांच वर्षों से प्रत्येक रविवार को नियमित पौधरोपण एवं पौध संरक्षण अभियान चला रहा है. यह अभियान अब अपने 269वें सप्ताह में पहुंच चुका है और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में जनभागीदारी का प्रेरक उदाहरण बन गया है.
पौधों के संरक्षण का लिया संकल्प
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनाने का संकल्प लिया. साथ ही आमजन से भी अधिकाधिक पौधरोपण कर हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण में भागीदारी निभाने की अपील की गई. इस अवसर पर सहायक अधीक्षक मु. अख्तर हुसैन, सतेन्द्र कुमार, सितेश कुमार, विनय सिंह, अनिल कुमार सिंह, मुकेश दास तथा गायत्री परिवार के रंगेश कुमार, बचनदेव कुमार, कौशल कुमार, धनंजय कुमार, शिशुपाल सिंह, विनोद कुमार, परमेन्द्र कुमार और मंटू कुमार उपस्थित थे.
