सावन के पहले दिन शिवमय हुआ जहानाबाद, बाबा सिद्धनाथ धाम समेत सभी शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

सावन मास के पहले दिन जहानाबाद के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। वाणावर पर्वत सहित सभी शिव मंदिरों में भक्तों ने जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की.

Jehanabad News: सावन मास की शुरुआत के साथ ही जहानाबाद जिला पूरी तरह शिवमय हो गया. गुरुवार को सावन के पहले दिन जिले के सभी शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. सुबह से ही भक्त भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे. यह सिलसिला देर शाम तक जारी रहा. मंदिर परिसर ओम नमः शिवाय, बम-बम भोले और जय शिवशंकर के जयघोष से गूंजते रहे.

बाबा सिद्धनाथ धाम और वाणावर पर्वत पर उमड़ा आस्था का सैलाब

जिले के ऐतिहासिक एवं पौराणिक वाणावर पर्वत स्थित बाबा सिद्धनाथ धाम में अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं. हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की. पूरे पर्वत क्षेत्र में शिवभक्ति का माहौल देखने को मिला. दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ को बेलपत्र, धतूरा, चंदन, हल्दी, कुमकुम और फूल अर्पित किए. शिवलिंग पर ओम और त्रिपुंड अंकित कर विशेष पूजा-अर्चना की गई.

शहर के मंदिरों में भी रही श्रद्धालुओं की भीड़

शहर के प्रमुख शिव मंदिरों में भी श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. अस्पताल मोड़ स्थित लाल मंदिर, शिवाजी पथ मोड़ स्थित शिव मंदिर, गौरक्षणी शिव मंदिर, बराह मंदिर स्थित शिव मंदिर, ऊंटा मोड़ स्थित शिव मंदिर, प्राचीन देवी मंदिर तथा बुढ़वा महादेव स्थान में दिनभर भक्तों की भीड़ लगी रही. श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के समक्ष नतमस्तक होकर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और सफलता की कामना की. शाम के समय बड़ी संख्या में लोगों ने संध्या आरती में भी भाग लिया.

आकर्षक सजावट से सजे शिवालय

सावन के अवसर पर जिले के सभी प्रमुख शिव मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया था. मंदिर परिसरों में रंग-बिरंगी एलईडी लाइटें, सजावटी रोशनी, बोल बम और ओम नमः शिवाय लिखे प्रकाश बोर्ड लगाए गए थे. दिनभर जलाभिषेक के बाद शाम में शिवलिंगों को फूलों और बेलपत्रों से आकर्षक ढंग से सजाया गया. मंदिरों की सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही.

पूरे महीने चलेगा श्रावणी मेला

श्रावण मास के दौरान भगवान शिव की आराधना का यह क्रम पूरे महीने जारी रहेगा. वाणावर पर्वत स्थित बाबा सिद्धनाथ धाम में एक माह तक श्रावणी मेला लगेगा, जहां जहानाबाद सहित अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. श्रावणी मेले का उद्घाटन जहानाबाद के प्रभारी मंत्री मोहम्मद जमा खान, अन्य जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी छिरिड़ बाई भूटिया तथा पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार द्वारा किया गया है.

सात्विक जीवनशैली अपनाते हैं श्रद्धालु

सावन को भगवान भोलेनाथ का प्रिय महीना माना जाता है. इस दौरान श्रद्धालु सात्विक जीवनशैली अपनाते हैं और अधिकांश लोग पूरे श्रावण मास तक मांस एवं मदिरा का सेवन नहीं करते. भक्त प्रतिदिन शिवालयों में पहुंचकर जलाभिषेक और पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं. श्रद्धालुओं का मानना है कि सावन में सच्चे मन से की गई शिवभक्ति से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि प्राप्त होती है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sanjay Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >