घोसी बैना मुशहरी में घोसी थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की. छापेमारी के दौरान पुलिस ने 17 लीटर महुआ से निर्मित देसी शराब बरामद की. इसके साथ ही शराब बनाने के लिए सड़ने के लिए रखे गए भारी मात्रा में महुआ मिठा को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया.
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि बैना मुशहरी में अवैध रूप से महुआ शराब का निर्माण किया जा रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी की. पुलिस को देखते ही शराब कारोबार से जुड़े लोग मौके से फरार हो गए. तलाशी के दौरान अलग-अलग स्थानों से 17 लीटर तैयार देसी शराब बरामद की गई.
महुआ मिठा नष्ट कर रोका शराब निर्माण
छापेमारी के दौरान बड़े ड्रमों में रखा महुआ मिठा भी बरामद हुआ, जिसे नियमानुसार मौके पर ही नष्ट कर दिया गया. पुलिस का कहना है कि ऐसा इसलिए किया गया, ताकि उससे दोबारा अवैध शराब का निर्माण न किया जा सके.
फरार कारोबारियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है. उनके विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा.
लोगों से पुलिस ने की सहयोग की अपील
घोसी थाना पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब का निर्माण या बिक्री होती दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें. पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.
