सरौन (जमुई) : पंचायत समिति की सामान्य बैठक में क्षेत्र की विभिन्न विकास योजनाओं को शामिल कराने की मांग को लेकर नौवाडीह पंचायत समिति सदस्य भाग-2 सरिता देवी ने बुधवार को कार्यपालक पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी, चकाई को ज्ञापन सौंपा. उन्होंने क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी आठ योजनाओं को पंचायत समिति की सामान्य बैठक के प्रस्ताव में शामिल करने का आग्रह किया है.
सौंपे गये ज्ञापन के अनुसार, बिचकोड़वा गांव में हाट (हटिया), पुस्तकालय, शिव मंदिर के पास विवाह भवन, स्वास्थ्य केंद्र और सौर पैनल निर्माण की मांग की गयी है. इसके अलावा हरनसिंघा गांव में प्राथमिक विद्यालय और सामुदायिक भवन निर्माण की योजना को भी प्रस्ताव में शामिल करने का आग्रह किया गया है. वहीं, बिचकोड़वा थाना के पास प्रवेश द्वार निर्माण की मांग भी की गयी है.
ग्रामीणों की जरूरत से जुड़ी हैं योजनाएं
पंसस सरिता देवी ने कहा कि प्रस्तावित सभी योजनाएं क्षेत्र के लोगों की मूलभूत जरूरतों से जुड़ी हैं. इन योजनाओं के पूरा होने से ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सामुदायिक सुविधाओं और अन्य आवश्यक सेवाओं का लाभ मिल सकेगा. उन्होंने पंचायत समिति की सामान्य बैठक में सभी योजनाओं को प्रस्ताव में शामिल कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया.
