मुंबई में संदिग्ध हालत में युवक का फंदे से लटका मिला शव

करीब पांच माह पूर्व रोजगार की तलाश में मुंबई गया था राजेश यादव

परिजनों में मचा कोहराम, मामले की जांच में जुटी मुंबई पुलिस

झाझा. थाना क्षेत्र के सर्किल नंबर एक स्थित तिलवारिया/सुगवाउड़ान गांव निवासी शंकर यादव के छोटे पुत्र राजेश यादव का शव मुंबई के बोरीवली इलाके में संदिग्ध परिस्थिति में फंदे से लटका मिला. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गयी. दोस्तों ने फोन पर उसके परिजनों को घटना की सूचना दी. बताया जाता है कि राजेश यादव करीब पांच माह पूर्व रोजगार की तलाश में मुंबई गया था और वहां अपने पांच साथियों के साथ एक ही कमरे में रहकर कंपनी में काम करता था.

परिजनों के अनुसार, शुक्रवार की शाम को राजेश की घरवालों से बातचीत हुई थी, जिसमें उसने सब कुछ सामान्य बताया था. परिजनों का कहना है कि वह किसी प्रकार के तनाव में नहीं था, जिससे घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं. शनिवार की दोपहर घटना की सूचना मिलते ही परिवार समेत पूरे गांव में मातम छा गया. इस दुखद खबर से परिजन बदहवास हैं.

राष्ट्रीय वाहन चालक महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद कुमार मृतक राजेश यादव के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढ़स बंधाया. उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में संगठन परिवार के साथ खड़ा है. इसके साथ ही उन्होंने महाराष्ट्र पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए मृतक के शव को शीघ्र गांव लाने तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की अपील की. इधर, मुंबई पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >