20 किमी की दूरी तय कर युवक ने किया रक्तदान

तपती गर्मी में सेवा का जज्बा

जमुई. भीषण गर्मी के बीच इंसानियत और सेवा भाव की एक मिसाल सामने आयी है. सदर अस्पताल में इलाजरत ग्राम लभेत की एक पीड़िता को जब रक्त की आवश्यकता पड़ी, तो सूचना मिलते ही सामाजिक सहयोग की शृंखला सक्रिय हो गयी. लभेत निवासी व प्रबोध जन सेवा संस्थान के सहयोगी राहुल कुमार ने तत्परता दिखाते हुए इसकी जानकारी संस्थान को दी. इसके बाद संस्थान की ओर से रक्त की व्यवस्था के लिए तुरंत पहल शुरू की गयी.इसी क्रम में सिकंदरा प्रखंड के सिझोड़ी निवासी अरुण मंडल के छोटे पुत्र आशीष कुमार ने आगे बढ़कर जिम्मेदारी संभाली. उन्होंने कड़ी धूप और गर्मी की परवाह किये बिना लगभग 20 किलोमीटर की दूरी तय कर जमुई ब्लड बैंक पहुंचकर रक्तदान किया. उनका यह कदम समाज में सेवा और संवेदनशीलता का प्रेरक उदाहरण बन गया है. संस्थान से जुड़े हरेराम सिंह ने कहा कि रक्तदान जैसे कार्य समाज में सहयोग और जागरूकता को बढ़ावा देते हैं. वहीं शिवजीत सिंह ने इसे सराहनीय पहल बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से आगे आने की अपील की. संस्थान के सचिव व सामाजिक कार्यकर्ता सुमन सौरभ ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य है कि किसी भी जरूरतमंद को रक्त के अभाव में परेशानी न हो. उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही टीम सक्रिय होकर मदद सुनिश्चित करती है. उन्होंने कहा कि ऐसे सेवा भावी युवाओं के कारण ही यह अभियान सफल हो पा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >