कंस्ट्रक्शन प्लांट में लगी आग, हजारों की संपत्ति जली
दमकल की मदद से घंटों मशक्कत के बाद पाया काबू
By PANKAJ KUMAR SINGH | Updated at :
गिद्धौर में देर रात मची अफरा-तफरी
गिद्धौर. थाना क्षेत्र के संसारपुर गांव के समीप स्थित बाल कृष्णा भालोटिया कंस्ट्रक्शन प्लांट में शुक्रवार देर रात आग लगने से अफरा-तफरी मच गयी. आग की चपेट में आकर प्लांट में रखा करीब 30 ड्रम अलकतरा धू-धू कर जलने लगे. इससे हजारों रुपये की संपत्ति जल गयी. घटना के दौरान उठती ऊंची लपटों को देख आसपास के ग्रामीणों और प्लांट के कर्मियों में हड़कंप मच गया. तत्काल इसकी सूचना गिद्धौर पुलिस को दी गयी. सूचना पाकर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद देर रात आग पर काबू पाया. इस दौरान थानाध्यक्ष राशि मलिक, अवर निरीक्षक जयप्रकाश सिंह सहित पुलिस बल घटनास्थल पर कैंप करते रहे और राहत-बचाव कार्य का जायजा लेते रहे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पछुआ हवा तेज रहने के कारण आग तेजी से फैली और अलकतरा के ड्रम इसकी चपेट में आ गये, जिससे आग की लपटें और भयावह हो गयी. हालांकि आग लगने के स्पष्ट कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है. इधर, घटना को लेकर कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से अब तक थाने में कोई आवेदन नहीं दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.