बरहट. पुलिस लाइन केंद्र मलयपुर में सीआरपीएफ की 215वीं बटालियन ने अपना 16वां स्थापना दिवस शुक्रवार की देर शाम धूमधाम से मनाया. कार्यक्रम का नेतृत्व कमांडेंट विनोद कुमार मोहरिल ने किया. इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों ने बल के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया. इसके बाद क्वार्टर गार्ड में जवानों द्वारा कमांडेंट को विशेष सलामी दी गयी. कमांडेंट ने विशेष सैनिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए बल की उपलब्धियों, विशेषताओं और महत्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने जवानों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी. कहा कि मनोबल ऊंचा बनाये रखने के लिए लगातार मेहनत जरूरी है, क्योंकि मेहनत ही सफलता की कुंजी है और इसी से सपनों को साकार किया जा सकता है.
बेहतर प्रदर्शन करने वाले जवान होंगे सम्मानित
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहार सेक्टर पटना के पुलिस महानिरीक्षक राज कुमार ने स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि कुछ वर्ष पहले इस क्षेत्र में नक्सलियों का दबदबा था, लेकिन 215वीं बटालियन के प्रयासों से स्थिति बदली और आज बिहार नक्सल मुक्त हो चुका है. उन्होंने शांति और विकास का श्रेय जिला पुलिस प्रशासन के साथ-साथ सीआरपीएफ के जवानों को दिया. उन्होंने बेहतर प्रदर्शन करने वाले जवानों को मुख्यालय में सम्मानित करने की भी घोषणा की.
देशभक्ति गीतों पर थिरके आइजी -डीआइजी
स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में मलयपुर पुलिस लाइन स्थित मैदान में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्जलित के साथ हुई. समारोह में बिहार सेक्टर पटना के पुलिस महानिरीक्षक राज कुमार, मुजफ्फरपुर रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक संदीप सिंह तथा पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल सहित कई अधिकारी मौजूद रहे. सांस्कृतिक कार्यक्रम में सीआरपीएफ के जवानों ने देशभक्ति गीतों और लोकगीतों पर शानदार प्रस्तुति दी. आनंद और रूपेश की टीम ने मां तुझे सलाम गीत पर मनमोहक प्रस्तुति दी, जबकि असम के प्रसिद्ध पीहू गीत पर भी आकर्षक प्रदर्शन हुआ. संदेशे आते हैं, हमें तड़पाते हैं गीत पर पुष्पा और राखी की टीम ने भावपूर्ण प्रस्तुति दी, जिसने उपस्थित अधिकारियों का मन मोह लिया. इसके बाद हरियाणवी गीत तेरी आंख्या का ये काजल पर रूपेश आनंद की टीम ने धमाकेदार नृत्य प्रस्तुत दी. कार्यक्रम के अंतिम चरण में जय हो गीत पर अधिकारियों और जवानों ने साथ मिलकर नृत्य किया. इससे माहौल उत्साहपूर्ण हो उठा और जवानों का मनोबल बढ़ा.कार्यक्रम का संचालन सीआरपीएफ के सब इंस्पेक्टर प्रणव कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सहायक कमांडेंट कुमारी रंजीता ने किया.
