Jamui Cyber Fraud: झाझा (जमुई). थाना क्षेत्र के महापुर पंचायत अंतर्गत सतीघाट निवासी मो. मोहिउद्दीन के पोस्ट ऑफिस खाते से साइबर ठगों द्वारा 45 हजार रुपये की निकासी का मामला सामने आया है. पीड़ित ने झाझा थाना में आवेदन देकर अज्ञात साइबर अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है.
मोबाइल और खाता हैक कर निकाली रकम
पीड़ित मो. मोहिउद्दीन ने अपने आवेदन में बताया कि झाझा पोस्ट ऑफिस में उनके खाते में कुल 63 हजार रुपये जमा थे. आरोप है कि साइबर ठगों ने उनके मोबाइल और खाते को हैक कर 6 अगस्त को दोपहर 1:39 बजे 20 हजार रुपये, 1:40 बजे 20 हजार रुपये और 1:41 बजे 5 हजार रुपये, कुल 45 हजार रुपये तीन किस्तों में निकाल लिए.
1930 हेल्पलाइन पर दर्ज कराई शिकायत
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद वह तुरंत पोस्ट ऑफिस पहुंचे और अपने खाते को बंद कराया. साथ ही संबंधित अधिकारियों को भी घटना की सूचना दी.
'मेरी जीवनभर की बचत चली गई'
मो. मोहिउद्दीन ने बताया कि वह गरीब व्यक्ति हैं और मेहनत से एक-एक रुपया जोड़कर खाते में जमा किया था. साइबर ठगी की इस घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है. उन्होंने पुलिस से राशि वापस दिलाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस ने शुरू की जांच
Jamui Cyber Fraud: झाझा थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है. साइबर ठगी से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
इसे भी पढ़ें: पटना से गया तक चली तबादला एक्सप्रेस, बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में 20 अफसरों का ट्रांसफर
राजद नई टीम क्यों बना रही है? जानिए संगठन भंग करने के पीछे की वजह
