बच्चों से अवैध वसूली करने वाले शिक्षकों पर हो कार्रवाई

प्रखंड के कटौना पंचायत वार्ड संख्या 13 स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय फुलवरिया में अवैध वसूली का मामला लगातार गहराता जा रहा है.

बरहट. प्रखंड के कटौना पंचायत वार्ड संख्या 13 स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय फुलवरिया में अवैध वसूली का मामला लगातार गहराता जा रहा है. जन्मतिथि सुधार के नाम पर 500 लेने का आरोप अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अब आठवीं पास छात्रों से ट्रांसफर सर्टिफिकेट टीसी देने के नाम पर पैसे वसूले जाने का नया मामला सामने आया है. जबकि इस स्कूल में कक्षा 1 से 8 तक 282 बच्चों का नामांकन है. ग्रामीणों की शिकायत पर पंचायत के मुखिया कपिलदेव प्रसाद जब विद्यालय निरीक्षण के लिए पहुंचे तो छात्रों ने चौंकाने वाले आरोप लगाये. छात्र अंकित कुमार सिंह कक्षा 8 प्रशांत राम और मोहित कुमार कक्षा 6 सहित कई बच्चों ने बताया कि आठवीं उत्तीर्ण छात्रों से टीसी देने के नाम पर 50 से 100 रुपया तक की राशि ली जा रही है. आरोप है कि जो छात्र पैसे देने से मना करते हैं उन्हें टीसी देने में टालमटोल की जाती है. जिससे वे मजबूरी में पैसे देने को बाध्य हो जाते हैं. मामला यहीं तक सीमित नहीं है. बच्चों ने मुखिया को बताया कि विभाग से मिलने वाला मनोरंजन किट का सामान भी उन्हें नहीं दिया जाता. मांगने पर शिक्षक साफ इनकार कर देते हैं. विद्यालय में पेयजल और शौचालय की समुचित व्यवस्था भी नहीं है. इसके बावजूद छात्रों से वसूली जारी रहने से अभिभावकों में आक्रोश है. निरीक्षण के दौरान मुखिया ने मौके पर ही जिला शिक्षा पदाधिकारी को फोन कर पूरे मामले की शिकायत दर्ज करायी और दोषी शिक्षकों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की. वहीं विद्यालय के प्रधानाध्यापक आशुतोष कुमार ने अपना पल्ला झाड़ते हुए कहा कि वे टीसी जारी नहीं कर रहे हैं और यह कार्य किसी अन्य शिक्षक द्वारा किया जा रहा है. हालांकि बड़ा सवाल यह है कि बिना प्रधानाध्यापक की अनुमति के कोई शिक्षक टीसी कैसे जारी कर सकता है, जबकि टीसी पर विद्यालय की मुहर और प्रधानाध्यापक के हस्ताक्षर अनिवार्य होते हैं. अब देखना यह होगा कि शिक्षा विभाग इस गंभीर मामले पर क्या कार्रवाई करता है, या फिर छात्रों से वसूली का यह खेल यूं ही चलता रहेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >