जमुई. चकाई–सोनो मुख्य मार्ग स्थित चिरन पुल के समीप बुधवार सुबह उत्पाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऑटो से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है. इस दौरान पुलिस ने चालक और उपचालक को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बेगूसराय जिले के बरौनी थाना क्षेत्र अंतर्गत असुरारी गांव निवासी स्व मुकेश सिंह के पुत्र रवि कुमार व उसी गांव के आस्तिक कुमार के रूप में हुई है. उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से शराब की बड़ी खेप जमुई के रास्ते तस्करी कर ले जाई जा रही है. सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने चकाई-सोनो मार्ग पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया. इसी क्रम में चिरन पुल के पास संदिग्ध ऑटो को रोककर तलाशी ली गई तो ऑटो की सीट के नीचे बनाए गए गुप्त तहखाने से 180 एमएल की कुल 384 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा करीब 69 लीटर बताई जा रही है. पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि शराब झारखंड के देवघर से बरौनी ले जाई जा रही थी. उत्पाद पुलिस ने दोनों तस्करों को आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. उत्पाद अधीक्षक ने शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहने की बात कही.
ऑटो से 69 लीटर विदेशी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
चकाई–सोनो मुख्य मार्ग स्थित चिरन पुल के समीप बुधवार सुबह उत्पाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऑटो से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है.
