फर्जी हस्ताक्षर वाले चेक से 95 हजार की निकासी का प्रयास विफल, कैशियर की सतर्कता से बची ठगी

हाजीपुर के मालपुर स्थित SBI शाखा में एक युवक ने रिटायर्ड सैनिक के नाम पर फर्जी हस्ताक्षर वाला चेक लगाकर 95 हजार रुपये निकालने का प्रयास किया. बैंक कैशियर की सतर्कता और फोन पर पुष्टि होने से बड़ा फर्जीवाड़ा टल गया. आरोपी युवक आधार कार्ड छोड़कर फरार हो गया.

Hajipur News : पातेपुर थाना क्षेत्र के मालपुर स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) शाखा में फर्जी हस्ताक्षर वाले चेक के जरिए 95 हजार रुपये की निकासी का प्रयास बैंक कर्मियों की सतर्कता से विफल हो गया. कैशियर की सूझबूझ से बड़ा फर्जीवाड़ा टल गया. बैंक कर्मियों के पकड़ने का प्रयास करते ही आरोपी युवक आधार कार्ड काउंटर पर छोड़कर फरार हो गया. मामले में पीड़ित रिटायर्ड सैनिक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.

फोन पर पुष्टि होते ही खुला फर्जीवाड़े का राज

जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे एक युवक रिटायर्ड सैनिक राम शंकर झा के नाम का चेक लेकर 95 हजार रुपये निकालने एसबीआई की मालपुर शाखा पहुंचा. बैंक के कैशियर ने नियम के अनुसार भुगतान से पहले खाताधारक राम शंकर झा से फोन पर संपर्क किया. बातचीत में पता चला कि उन्होंने किसी को चेक देकर पैसे निकालने के लिए नहीं भेजा है. इसके बाद बैंक कर्मियों ने युवक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह फरार हो गया.

आधार कार्ड छोड़कर भागा आरोपी

भागने की जल्दबाजी में आरोपी अपना आधार कार्ड कैश काउंटर पर ही छोड़ गया. आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान मालपुर गांव निवासी मनोज चौधरी के पुत्र अंकित कुमार के रूप में हुई है. सूचना मिलने पर खाताधारक बैंक पहुंचे और शाखा प्रबंधक के साथ-साथ पातेपुर थाना एवं पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की.

चेक पर मिला फर्जी हस्ताक्षर

बैंक अधिकारियों के अनुसार, प्रस्तुत चेक पर खाताधारक का हस्ताक्षर फर्जी पाया गया. बैंक के नियमों के तहत 50 हजार रुपये से अधिक की चेक निकासी से पहले खाताधारक से पुष्टि की जाती है. पूर्व में राम शंकर झा स्वयं बैंक आकर राशि निकालते थे. इस बार किसी अन्य व्यक्ति के आने पर बैंक कर्मियों को संदेह हुआ और उसी सतर्कता से ठगी की कोशिश नाकाम हो गई.

जांच में जुटी पुलिस

अब यह जांच का विषय है कि रिटायर्ड सैनिक के नाम का चेक आरोपी के पास कैसे पहुंचा और उसने फर्जी हस्ताक्षर कैसे किए. पातेपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है. वहीं घटना के बाद पीड़ित रिटायर्ड सैनिक ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Gopal kumar roy

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >