Vaishali News : (अभिषेक कुमार) वैशाली पुलिस ने जिले में मादक पदार्थो की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है. महुआ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने एक कथित मादक पदार्थ तस्कर को 43.68 ग्राम हेरोइन, ₹1.13 लाख नकद और 10 मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया है. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
वैशाली पुलिस को 28 जून को जिला आसूचना इकाई से सूचना मिली थी कि महुआ थाना क्षेत्र के कुशहर खास गांव निवासी शत्रुघ्न राय अपने बेटे के साथ मिलकर अवैध रूप से मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक शुभंकर मिश्रा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (महुआ) संजीव कुमार के नेतृत्व में महुआ थाना पुलिस ने दंडाधिकारी की मौजूदगी में छापेमारी की.
भारी मात्रा में हेरोइन, नकदी और मोबाइल बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने शत्रुघ्न राय को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी में उसके पास से 43.68 ग्राम हेरोइन, ₹1,13,230 नकद तथा 10 मोबाइल फोन (7 स्मार्टफोन और 3 की-पैड फोन) बरामद किए गए.
Hajipur News : पूछताछ में नेटवर्क का खुलासा
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं. उसने बताया कि उसका बेटा उत्तर-पूर्व (नॉर्थ ईस्ट) से मादक पदार्थ लाकर वैशाली जिले में इसकी आपूर्ति करता था. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जानकारी
इस संबंध में महुआ थाना कांड संख्या 578/26 दर्ज किया गया है. आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. वैशाली के पुलिस अधीक्षक शुभंकर मिश्रा ने सोमवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस कार्रवाई की जानकारी दी.
Also Read : वैशाली में आपसी विवाद में चाचा ने लोहे की रॉड से भतीजे का फोड़ा सिर, 3 गिरफ्तार
