hajipur news. शादी की सजावट के बीच उठी तीन अर्थियां, मृतकों में शामिल राजीव चार बहनों का इकलौता भाई था

चांदपुरा थाना क्षेत्र के हाजीपुर-महनार मार्ग पर शिव मंदिर के पास तीन चचेरे भाई हुए हादसे के शिकार

हाजीपुर. चांदपुरा थाना क्षेत्र के हाजीपुर-महनार मार्ग स्थित शिव मंदिर के पास अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइक सवार एक युवक तथा दो किशोर की मौत से शादी के घर में फैली खुशियां मातम में बदल गयी. परिजन में कोहराम मच गया. मृतकों में चांदपुरा गांव निवासी महेश भगत का 18 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार, अवधेश पासवान का 15 वर्षीय पुत्र राजीव कुमार तथा लालमोहन पासवान का 16 वर्षीय पुत्र रंजन कुमार बहन की शादी के भोज के लिए दही लाने जा रहे थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था. तीनों हादसे के शिकार हो गये. घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. सोमवार की सुबह गांव से एक साथ तीन लड़कों की शवयात्रा निकलते ही हर किसी की आंखें नम हो गयी.

सूचना पर पहुंची पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल

रविवार की शाम चांदपुरा गांव निवासी महेश भगत की पुत्री की शादी को लेकर पूजा-मटकोर का कार्यक्रम चल रहा था. शादी के गीतों से पूरा इलाका गूंज रहा था. इसी दाैरान पूजा कार्यक्रम संपन्न होने पर लड़की का भाई सोनू अपने दो चचेरे भाई राजीव कुमार व रंजन कुमार के साथ बाइक से भोज के लिए चांदपुरा चौक से दही लाने के लिए जा रहा था. जैसे ही हाजीपुर-महनार मार्ग स्थित शिव मंदिर के पास पहुंचा कि कोई वाहन बाइक में ठोकर मारते हुए फरार हो गया. ठोकर लगने से बाइक सवार तीनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गये. मौके पर जुटे लोगों ने तीनों को सड़क पर तड़पते देख घटना की सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.

मृतक सोनू के चाचा टुनटुन पासवान ने रोते हुए बताया कि सोनू की बहन की बारात सोमवार को आने वाली थी. शादी की पूरी तैयारी थी. मटकोर पूजा के बाद ग्रामीणाें को भोज खिलाया जा रहा था. दही लाने गये तीनों भाइयों के काफी देर तक नहीं लौटने पर फोन किया गया, ताे जानकारी मिली कि सड़क दुर्घटना में तीनों की मौत हो गयी है. जानकारी मिलते ही घर के लोग चींखने-चिल्लाने लगे. सोनू दो भाइयों में बड़ा था. उसकी सबसे छोटी बहन की शादी थी. मृतक राजीव कुमार माता-पिता का इकलौता चिराग था. वह चार बहनों का इकलौता भाई था. वहीं, रंजन कुमार दो भाइयों में बड़ा था. राजीव नौवीं तथा रंजन 10वीं कक्षा का छात्र था.

दुल्हन का रो-रो कर बुरा हाल

चांदपुरा गांव में रविवार की देर रात हादसे में एक युवक तथा दो किशोर की मौत के बाद सोमवार की सुबह जैसे की तीनों मृतकों का शव यात्रा एक साथ निकला, हर किसी की आंखें नम हो गयी. बहन की डोली निकलने से पहले ही तीन भाइयों की अर्थी उठने से परिजन तथा रिश्तेदारों समेत हर किसी के आंख से आंसू थमने का नाम ही नहीं ले रहा था. परिजनों ने बताया कि सोनू की सबसे छोटी बहन की शादी थी. इसको लेकर वह काफी धूमधाम से शादी करने की तैयारी कर रखी थी. अच्छी तरह से सजावट की जा रही थी. तीनों भाइयों की मौत से बहन का रो-रोकर बुरा हाल था. वहीं मां बार-बार बेहोश हो रही थी.

आवेदन के आधार पर होगी कार्रवाई

इस संबंध में थानाध्यक्ष अभिषेक वर्मा ने बताया कि चांदपुरा गांव में एक घर में शादी की रस्म की जा रही थी. लड़की के भाई अपने दो चचेरे भाइयों के साथ बाइक से दही लाने के लिए जा रहा था. इसी दौरान सड़क हादसे में तीनों की मौत हो गयी है. शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है. परिजनों ने किसी प्रकार का आवेदन नहीं दिया है. आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shashi kant kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >