हाजीपुर: बड़ा हादसा टालने वाले दो रेलकर्मी सम्मानित, डीआरएम ने दिया संरक्षा पुरस्कार

पूर्व मध्य रेल के सोनपुर मंडल में दो रेलकर्मियों को उनकी सतर्कता के लिए सम्मानित किया गया. उन्होंने अपनी सूझबूझ से एक बड़े रेल हादसे को टाल दिया. उनकी बहादुरी की सराहना की गई.

Hajipur News : पूर्व मध्य रेल के सोनपुर मंडल में अपनी सतर्कता और सूझबूझ से बड़ा रेल हादसा टालने वाले दो रेलकर्मियों को सोमवार को सम्मानित किया गया. मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन ने मुजफ्फरपुर के मेल लोको पायलट सनन्द कुमार और सहायक लोको पायलट जितेन्द्र कुमार को संरक्षा पुरस्कार और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया. दोनों रेलकर्मियों ने 11 सितंबर को ट्रेन संख्या 15904 के परिचालन के दौरान खतरे को भांपकर तत्काल कार्रवाई की थी.

झटका लगते ही लगाया इमरजेंसी ब्रेक

11 सितंबर 2026 को सनन्द कुमार और जितेन्द्र कुमार ट्रेन संख्या 15904 लेकर कटिहार की ओर जा रहे थे. सेमापुर स्टेशन की लाइन संख्या-04 पर ट्रेन के प्रवेश करते ही दोनों को असामान्य झटका महसूस हुआ. खतरे की आशंका को देखते हुए दोनों ने बिना देर किए इमरजेंसी ब्रेक लगाया और ट्रेन को सुरक्षित रोक लिया.

निरीक्षण में मिला टूटा ट्रैक

ट्रेन रुकने के बाद दोनों लोको पायलटों ने नीचे उतरकर ट्रैक का निरीक्षण किया. इस दौरान इंजन के ठीक पीछे लगे एसएलआर कोच के पास रेलवे ट्रैक टूटा हुआ मिला. दोनों ने तत्काल इसकी सूचना सेमापुर स्टेशन और टीएनएल/सोनपुर को दी. समय रहते सूचना मिलने से संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया और आवश्यक कार्रवाई के बाद रेल परिचालन सुरक्षित रूप से बहाल किया गया.

डीआरएम ने सराही सतर्कता

डीआरएम अमित सरन ने दोनों रेलकर्मियों की त्वरित निर्णय क्षमता, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की. उन्होंने कहा कि ऐसे रेलकर्मी भारतीय रेल की संरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. उन्होंने मंडल के सभी रेलकर्मियों से संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की.

सोनपुर मंडल प्रशासन ने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित और विश्वसनीय रेल सेवा उपलब्ध कराना मंडल की सर्वोच्च प्राथमिकता है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिषेक कुमार

अभिषेक कुमार 9 साल से पत्रकारिता कर रहे हैं. इनकी सबसे अच्छी पकड़ क्राइम और राजनीति की खबरों पर है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >