Hajipur Road Accident : वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के पोझियां पेठिया के समीप सोमवार को तेज रफ्तार स्कूल बस की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई. हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने बस को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है. मृतक की पहचान रौदीपोखर गांव निवासी अरविंद राय के 19 वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार के रूप में हुई है.
बाजार से लौटते समय हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार आदित्य कुमार किसी काम से लालगंज बाजार गया था. लौटने के दौरान पोझियां पेठिया के पास एक स्कूल बस ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
घायल को उसी बस से पहुंचाया गया अस्पताल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बस और चालक को रोक लिया तथा घायल युवक को उसी बस से इलाज के लिए लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. युवक की मौत की पुष्टि होते ही बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया.
कुछ दिन पहले हुआ था अग्निवीर में चयन
मृतक के परिजनों ने बताया कि आदित्य का कुछ दिन पहले ही अग्निवीर के लिए चयन हुआ था. वह तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था. उसकी असमय मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
बस जब्त, चालक की तलाश में छापेमारी
घटना की सूचना पर लालगंज थाना पुलिस सीएचसी पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेज दिया. थानाध्यक्ष मनमोहन कुमार ने बताया कि स्कूल बस को जब्त कर लिया गया है तथा फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.
