हल्की बारिश में ही डूबी महुआ नगर परिषद की सड़कें, जलजमाव से लोगों का फूटा गुस्सा

महुआ नगर परिषद क्षेत्र में रुक-रुक कर हुई बारिश ने नगर प्रशासन की पोल खोल दी है. सड़कों पर डेढ़ फीट तक पानी जमा होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोग जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग कर रहे हैं.

Hajipur News : महुआ नगर परिषद क्षेत्र में लगातार हो रही हल्की बारिश ने नगर प्रशासन की तैयारियों की पोल खोल दी है. महज तीन-चार दिनों की रुक-रुक कर हुई बारिश के बाद ही विभिन्न वार्डों की सड़कों पर जलजमाव हो गया है, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि विकास के दावे तो किए जाते हैं, लेकिन जलनिकासी की व्यवस्था आज भी बदहाल है.

डेढ़ फीट तक सड़कों पर लगा पानी

नगर क्षेत्र के मंगरू चौक से गुरु चौक जाने वाली मुख्य सड़क पर करीब एक से डेढ़ फीट तक पानी जमा हो गया है. जलभराव के कारण बाहर से आने वाले लोग फिसलकर घायल हो रहे हैं, जबकि स्थानीय लोगों का आवागमन भी मुश्किल हो गया है. वहीं सबकी गोला रोड स्थित कुलदीप चौक पूरी तरह तालाब में तब्दील हो गया है. इससे अनुमंडल अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है.

आने-जाने में लोगों को हो रही दिक्कत

इसके अलावा लोहसारी रोड, विष्णु चौक, पुरानी बाजार सहित कई इलाकों में नालों की सफाई नहीं होने से सड़कें जलमग्न हैं. जलजमाव के कारण स्कूली छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि शिकायत करने पर संबंधित पार्षद, सभापति और उपसभापति केवल नालों की उड़ाही और सड़कों की मरम्मत का आश्वासन देते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर समस्या का समाधान नहीं हो रहा है.

जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग

जलजमाव से परेशान मंटू तिवारी, जयराम महतो, राजकमल, पंकज गुप्ता, राजीव कुशवाहा, मिथलेश चौधरी, डॉ. उमेश सिंह, रवि जायसवाल समेत अन्य नगरवासियों ने स्थानीय विधायक सह पीएचईडी मंत्री संजय सिंह से नगर परिषद क्षेत्र में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है.

Also Read: बिहार के 27 जिलों में भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना, 40 KMPH की रफ्तार से चलेगी हवा


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Dileep kumar

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >