Hajipur News : हाजीपुर में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत हाजीपुर सदर प्रखंड के मनुआ गांव में गुरुवार को बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता एवं सामूहिक शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया. स्वर्गीय कन्हाई शुक्ला सामाजिक सेवा संस्थान के सौजन्य और जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जीविका दीदियों, ग्रामीण महिलाओं और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम का नेतृत्व अधिकार मित्र संतोष कुमार ने किया.
बाल विवाह बच्चों के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती
कार्यक्रम के दौरान संस्था के सचिव एवं जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन के निदेशक डॉ. सुधीर कुमार शुक्ला ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के अधिकार और सुरक्षित भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है. बेटियों को कम उम्र में विवाह के बंधन में बांधने के बजाय उन्हें शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का अवसर देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि बाल विवाह को केवल कानून के सहारे खत्म नहीं किया जा सकता, इसके लिए समुदाय की सक्रिय भागीदारी जरूरी है. गांवों में सक्रिय जीविका दीदियां बाल विवाह के खिलाफ प्रभावी सामुदायिक प्रहरी की भूमिका निभा सकती हैं.
बाल विवाह की सूचना तत्काल देने की अपील
अधिकार मित्र संतोष कुमार ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम और उससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी. उन्होंने लोगों से अपील की कि कहीं भी बाल विवाह की तैयारी या इसकी संभावना नजर आए तो तत्काल स्थानीय प्रशासन और बाल संरक्षण तंत्र को सूचना दें. कार्यक्रम में प्रियंका कुमारी, नीतू कुमारी, राधा कुमारी, सीमा कुमारी, उषा कुमारी, पूजा कुमारी, उर्मिला देवी, बेबी देवी, निर्मला कुमारी, मेनका देवी, मंटू कुमारी सहित अन्य जीविका दीदियों और महिलाओं ने बाल विवाह रोकने, बेटियों की शिक्षा जारी रखने और बाल विवाह की सूचना मिलने पर जिम्मेदारी से कार्रवाई करने की सामूहिक शपथ ली.
