Hajipur theft: नगर थाना क्षेत्र के नवजीवन कॉलोनी हेला बाजार में दिनदहाड़े सूने घर को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विधि विरुद्ध नाबालिग को निरुद्ध किया है, जबकि चोरी का सामान खरीदने के आरोप में शुभम कुमार को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी किए गए करीब 10 टूटे हुए नल और अन्य फिटिंग का सामान बरामद किया है. पुलिस पकड़े गए आरोपितों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की संलिप्तता की जांच कर रही है.
पटना में तैनात दंपती के घर को बनाया निशाना
घटना को लेकर स्थानीय निवासी सुनील प्रसाद के पुत्र मुन्ना कुमार ने नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. मुन्ना कुमार ने पुलिस को बताया कि वे पटना स्थित बीआईडीसी कार्यालय में तैनात हैं, जबकि उनकी पत्नी पटना के एनएमसीएच अस्पताल में स्वास्थ्यकर्मी के रूप में पदस्थापित हैं.
बीते 6 अगस्त को दोनों पति-पत्नी अपने घर में ताला लगाकर ड्यूटी के लिए पटना चले गए थे. शाम करीब 5 बजे जब वे घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और घर का सामान अस्त-व्यस्त था. चोर दोनों बाथरूम के नल, शॉवर और सैनिटरी फिटिंग का सामान ले गए थे. पीड़ित के अनुसार चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये है.
सीसीटीवी फुटेज से सामने आया मामला
चोरी के बाद पीड़ित परिवार ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली. फुटेज में मोहल्ले में रहने वाला एक नाबालिग संदिग्ध गतिविधियों में नजर आया. इसके बाद परिजन उसके घर पहुंचे, जहां वह बाहर खड़ा मिला. पूछताछ में नाबालिग ने चोरी की बात स्वीकार की. नाबालिग ने पुलिस को बताया कि उसने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था.
चोरी का सामान खरीदने वाले आरोपित तक पहुंची पुलिस
पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि चोरी किया गया सामान मस्जिद चौक स्थित एक बर्तन दुकान के मालिक को बेच दिया गया है. दुकान मालिक की पहचान शुभम कुमार के रूप में हुई. घटना की सूचना मिलने के बाद डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और नाबालिग को थाना ले गई. इसके बाद पुलिस ने चोरी के सामान की बरामदगी करते हुए शुभम कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब इस मामले में फरार आरोपितों विभांशु, सनी और चंदन की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
इसे भी पढ़ें: पटना, आरा से लेकर मधुबनी तक, बिहार के इन शहरों को मिलने जा रहा नया बाइपास
