Hajipur News : महनार थाना क्षेत्र के महनार बाजार में मोहर्रम पर्व के दौरान डीजे जब्ती के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला करने के मामले में फरार चल रहे पिता-पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान महनार के सरस्वती मंदिर रोड निवासी रामनाथ सिंह और उसके पुत्र रौशन कुमार के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपितों पर पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट, गाली-गलौज, सरकारी कार्य में बाधा डालने तथा एक पुलिसकर्मी की सोने की चेन छीनने का आरोप है. मामले में नामजद अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
डीजे जब्ती के दौरान पुलिस टीम पर हुआ था हमला
मालूम हो कि 23 जून 2026 की शाम मोहर्रम पर्व के दौरान महनार बाजार में पुलिस टीम डीजे जब्त करने पहुंची थी. इसी दौरान मौके पर मौजूद भीड़ ने पुलिस कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया. आरोप है कि भीड़ में शामिल लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की. घटना में एसआई अनिल कुमार पांडेय समेत कई पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की गई थी, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल भी हुए थे.
एसआई की सोने की चेन छीनने का भी आरोप
पुलिस के अनुसार, मारपीट के दौरान एसआई अनिल कुमार पांडेय के गले से सोने की चेन भी छीन ली गई थी. घटना के बाद थानाध्यक्ष वेदानंद सिंह के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की गई.प्राथमिकी में रामनाथ सिंह, गोली कुमार, रौशन कुमार समेत 22 नामजद आरोपितों के अलावा कई अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया था. पुलिस इस मामले में पहले ही छह आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है.
अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
अब पुलिस ने फरार चल रहे आरोपितों में शामिल रामनाथ सिंह और उसके पुत्र रौशन कुमार को गिरफ्तार कर लिया. दोनों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. थानाध्यक्ष वेदानंद सिंह ने बताया कि पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा. प्राथमिकी में नामजद अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
