Hajipur election literacy club: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी 17 अगस्त को आयोजित होने वाले रीजनल कॉन्फ्रेंस ऑन ईएलसी एंड ईसीआईनेट तथा इंटरैक्शन विद बीएलओ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित की गई. बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बैठक के दौरान तैयारियों की समीक्षा की.
विद्यालयों और कॉलेजों में बनेंगे निर्वाचन साक्षरता क्लब
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में बताया गया कि सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों की कक्षा 9 से 12 तक तथा महाविद्यालयों में निर्वाचन साक्षरता क्लब (Election Literacy Club) का गठन किया जाएगा. इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में मतदान के महत्व, निर्वाचन प्रक्रिया, संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक दायित्वों के प्रति जागरूकता विकसित करना है.
निर्वाचन पदाधिकारियों को दिए गए निर्देश
सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में शिक्षा विभाग और संबंधित शिक्षण संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर निर्वाचन साक्षरता क्लबों का गठन शीघ्र कराने का निर्देश दिया गया. साथ ही क्लबों के माध्यम से मतदाता जागरूकता, निर्वाचन साक्षरता और लोकतांत्रिक सहभागिता से जुड़ी नियमित गतिविधियां संचालित करने को कहा गया.
ईसीआईनेट के प्रभावी उपयोग पर जोर
बैठक में ईसीआईनेट (ECINET) के प्रभावी उपयोग को और मजबूत बनाने तथा बूथ स्तर के पदाधिकारियों (बीएलओ) के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष बल दिया गया. निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सहभागी और तकनीक-सक्षम बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया.
17 अगस्त के कार्यक्रम की तैयारी समय पर पूरी करने के निर्देश
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में जिलाधिकारी ने उप निर्वाचन पदाधिकारी, अनुमंडल निर्वाचन पदाधिकारी (हाजीपुर) तथा जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को आयोग के सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा. साथ ही 17 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम की सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए.
Also Read: बांकीपुर जीतने के बाद क्या करेंगे प्रशांत किशोर, जानिए जन सुराज का अगला प्लान
