हाजीपुर में जनता दरबार में 242 परिवादों की हुई सुनवाई, कार्रवाई का निर्देश

हाजीपुर में आयोजित जनता दरबार में 242 परिवादों की सुनवाई हुई। डीएम ने सभी विभागीय अधिकारियों को 7 दिनों के भीतर शिकायतों का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया है।

Hajipur News : सोमवर को सात निश्चय-3 के अंतर्गत “सबका सम्मान-जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत जिला, अनुमंडल, प्रखंड, थाना एवं पंचायत स्तर पर भी जनता दरबार का आयोजन किया गया. जिसमे जिला, अनुमंडल, प्रखंड एवं थाना पर कुल मिलाकर 242 आवेदनों का अवलोकन एवं निस्तारण किया गया. हाजीपुर समाहरणालय में जिला पदाधिकारी ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन हुआ. जिसमे आमजन की समस्याओं का गंभीरतापूर्वक अवलोकन एवं निस्तारण किया गया. डीएम के जनता दरबार में कुल 79 परिवाद प्राप्त हुए, जिनमें जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं सीधे जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कीं. प्राप्त परिवाद राजस्व एवं भूमि सुधार, शिक्षा, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, अवर निबंधक, आवास, विद्युत, डीएसओ, आईसीडीएस, आर्म्स, स्वास्थ्य, जीविका, आपदा प्रबंधन, निर्वाचन, सामाजिक सुरक्षा सहित अन्य विभागों से संबंधित रहे. इस दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि प्राप्त परिवादों पर सात दिनों के अंदर आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रतिवेदन जन शिकायत कोषांग को उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निष्पादन में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा विलंब स्वीकार्य नहीं होगा. जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान करना है. प्राप्त परिवादों के निष्पादन में संवेदनशीलता एवं गंभीरता बरतते हुए समयसीमा का कड़ाई से पालन करें, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें. जनता दरबार कार्यक्रम में सहायक समाहर्ता (प्रशिक्षु) अंकुर त्रिपाठी, अपर समाहर्ता किरण सिंह, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, निदेशक डीआरडीए, जिला सहकारिता पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, वरीय उपसमाहर्ता, सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी शिक्षा विभाग, जिला कल्याण पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Kaif ahmed

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >