Hajipur News : सात निश्चय-3 के अंतर्गत “सबका सम्मान-जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को जिला, अनुमंडल, प्रखंड, थाना एवं पंचायत स्तर पर जनता दरबार का आयोजन किया गया. इस दौरान जिला, अनुमंडल, प्रखंड एवं थाना स्तर पर कुल 181 आवेदनों का अवलोकन एवं निस्तारण किया गया. हाजीपुर समाहरणालय में जिलाधिकारी ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार लगाकर आम लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान का निर्देश दिया.
डीएम के जनता दरबार में पहुंचे 103 परिवाद
जिलाधिकारी के जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं सीधे डीएम के समक्ष रखीं. इस दौरान कुल 103 परिवाद प्राप्त हुए. इनमें राजस्व एवं भूमि सुधार, शिक्षा, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, अवर निबंधक, आवास, विद्युत, जिला आपूर्ति कार्यालय, आइसीडीएस, आर्म्स, स्वास्थ्य, जीविका, आपदा प्रबंधन, निर्वाचन और सामाजिक सुरक्षा सहित कई विभागों से संबंधित मामले शामिल रहे.
जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
सात दिनों के अंदर कार्रवाई रिपोर्ट देने का निर्देश
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त सभी परिवादों पर सात दिनों के अंदर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए इसकी रिपोर्ट जन शिकायत कोषांग को उपलब्ध करायी जाये. उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निष्पादन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा.
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए नियमानुसार कार्रवाई करें और इसकी जानकारी संबंधित शिकायतकर्ता को भी उपलब्ध करायें.
वन स्टॉप सेंटर की काउंसलिंग से पारिवारिक विवाद का समाधान
जनता दरबार के दौरान एक पारिवारिक विवाद का भी समाधान कराया गया. हाजीपुर के औद्योगिक थाना क्षेत्र की राजपूत कॉलोनी निवासी एक महिला ने जनता दरबार में आवेदन देकर अपने पति पर मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित करने तथा बच्चों के लालन-पालन की जिम्मेदारी उचित ढंग से नहीं निभाने की शिकायत की थी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लिया और वन स्टॉप सेंटर, वैशाली को आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामले के समाधान की दिशा में पहल करने का निर्देश दिया. इसके बाद वन स्टॉप सेंटर की टीम ने दोनों पक्षों की काउंसलिंग की. प्रभावी काउंसलिंग के माध्यम से दोनों पक्षों के बीच उत्पन्न विवाद का समाधान कराया गया.
कई विभागों के पदाधिकारी रहे मौजूद
जनता दरबार कार्यक्रम में सहायक समाहर्ता (प्रशिक्षु) अंकुर त्रिपाठी, अपर समाहर्ता वैशाली, अनुमंडल पदाधिकारी हाजीपुर, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, निदेशक डीआरडीए, जिला विकास पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, वरीय उप समाहर्ता, सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी शिक्षा विभाग, जिला कल्याण पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे.
