Hajipur Dengue Prevention: समाहरणालय सभागार में जिला एवं शहरी टास्क फोर्स ऑन इम्यूनाइजेशन की बैठक हुई. इसमें नियमित टीकाकरण कार्यक्रम, टीबी मुक्त भारत अभियान और आगामी डेंगू मौसम की तैयारियों की समीक्षा की गई. जिला प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग को नियमित टीकाकरण का फुल इम्युनाइजेशन कवरेज 95 प्रतिशत से अधिक करने का निर्देश दिया.
हर पात्र बच्चे का समय पर हो टीकाकरण
बैठक में अधिकारियों को जिले के प्रत्येक पात्र बच्चे का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करने को कहा गया. ग्रामीण क्षेत्रों के सभी एमओआईसी को एचएमआईएस डेटा की नियमित समीक्षा करने तथा बीसीजी और पेंटा-1 का कवरेज फुल इम्युनाइजेशन से कम नहीं रखने का निर्देश दिया गया.
इससे जन्म के बाद शुरुआती चरण में ही पात्र बच्चों को निर्धारित टीकाकरण सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी. जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. विशाल प्रकाश ने बैठक में टीकाकरण कार्यक्रम की प्रगति की जानकारी दी.
टीबी मरीजों की स्क्रीनिंग और उपचार पर जोर
टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा के दौरान संभावित टीबी मरीजों की अधिक से अधिक स्क्रीनिंग कराने, संदिग्ध मरीजों की समय पर जांच तथा चिह्नित मरीजों को शीघ्र उपचार से जोड़ने का निर्देश दिया गया. अधिकारियों को अभियान की नियमित निगरानी करने को कहा गया.
डेंगू मौसम को लेकर तैयारी पूरी करने का निर्देश
आगामी डेंगू मौसम को देखते हुए रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी करने का भी निर्देश दिया गया. जिला पदाधिकारी ने कहा कि टीकाकरण, टीबी नियंत्रण और डेंगू की रोकथाम पर प्रभावी ढंग से काम किया जाए.
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों और कर्मियों को अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करते हुए क्षेत्रीय स्तर पर नियमित अनुश्रवण और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
