Hajipur News : वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में आठ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई. हाजीपुर-महनार मुख्य मार्ग पर मनियारपुर योगी बाबा स्थान के पास तेज रफ्तार हाइवा ने बच्चे को कुचल दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद भाग रहे हाइवा को स्थानीय लोगों ने पीछा कर चांदपुरा के पास पकड़ लिया. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया.
सड़क पार करने के दौरान हुआ हादसा
मृतक की पहचान कथौलिया गांव निवासी रविंद्र पासवान के आठ वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार, आदित्य बुधवार शाम घर से सामान लेने के लिए दुकान गया था. वापस लौटते समय सड़क पार करने के दौरान हाजीपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ने उसे कुचल दिया. हादसा इतना भीषण था कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई.
भाग रहे हाइवा को लोगों ने पीछा कर पकड़ा
हादसे के बाद चालक हाइवा लेकर मौके से फरार हो गया. हालांकि स्थानीय लोगों ने बाइक से उसका पीछा किया और चांदपुरा के पास वाहन को पकड़ लिया. सूचना मिलने पर चांदपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को अपनी अभिरक्षा में ले लिया.
बच्चे की मौत से भड़के लोगों ने किया सड़क जाम
दुर्घटना से आक्रोशित लोगों ने घटनास्थल पर बांस-बल्ला और वाहन लगाकर हाजीपुर-महनार मुख्य मार्ग जाम कर दिया. सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. परिजनों और ग्रामीणों ने मौके पर मुआवजा देने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया.
बताया गया कि मृतक का पिता दरभंगा में मजदूरी करता है. लोग उसके पहुंचने का इंतजार कर रहे थे. पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन खबर लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था.
पुलिस ने शुरू की जांच
बिदुपुर थानाध्यक्ष रवि प्रकाश ने बताया कि मनियारपुर योगी बाबा स्थान के पास सड़क दुर्घटना में एक बच्चे की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. सड़क जाम हटाने और लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेजने की कार्रवाई की जा रही है.
Also Read : शेखपुरा रहा बिहार का सबसे गर्म जिला, 37.7°C तापमान के बाद बारिश से मिली राहत
