Hajipur News : वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन पुल पर रील्स बनाने के दौरान स्टंट करना तीन युवकों को भारी पड़ गया. स्टंट के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गयी, जिससे तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गयी, जबकि दो अन्य घायलों का पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है. मृतक की पहचान चकसिकंदर कल्याणपुर गांव निवासी मनीष प्रसाद के पुत्र अनुराग प्रताप उर्फ नीरज कुमार के रूप में हुई है.
स्टंट के दौरान सामने आ गया दूसरा बाइक सवार
बताया गया कि रविवार को तीनों युवक सिक्सलेन पुल पर बाइक से रील्स बना रहे थे. इसी दौरान स्टंट करने के क्रम में सामने से एक अन्य बाइक सवार आ गया. उसे बचाने के प्रयास में युवकों की बाइक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से जा टकरायी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक दो टुकड़ों में बंट गयी. हादसे में बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. मौके पर जुटे लोगों ने आनन-फानन में तीनों को इलाज के लिए पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान अनुराग प्रताप उर्फ नीरज कुमार की मौत हो गयी.
तीनों एक की बाइक पर थे सवार, रेलिंग से टकराकर दो टुकड़ों में बंटी बाइक
हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद गांव में भी मातम का माहौल है.
क्षतिग्रस्त बाइक जब्त, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर बिदुपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर थाने ले आयी. पुलिस मृतक और घायल दोनों युवकों के बारे में जानकारी जुटा रही है. घटना के कारणों की जांच की जा रही है.
Also Read:पटना: MLA बनने के बाद इस आवास में रहेंगे प्रशांत किशोर, जानिए किसके बने पड़ोसी
