Hajipur News : जंदाहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर में शनिवार को रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित हुई. बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष सह बीडीओ प्रशांत कुमार ने की, जबकि संचालन प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. भारती गुप्ता ने किया. बैठक में अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, चिकित्सकों की उपलब्धता और आशा बहाली समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई.
अस्पताल का किया निरीक्षण, सूचना बोर्ड लगाने का निर्देश
स्वास्थ्य प्रबंधक मो. नजीर हुसैन ने बताया कि समिति के सदस्यों ने अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया. इस दौरान अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं से संबंधित सभी जरूरी जानकारियां प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया. बीडीओ ने आशा चयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी ली और स्वास्थ्य प्रबंधक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
डॉक्टरों की कमी पर चिंता, अतिरिक्त चिकित्सक बुलाने का प्रस्ताव
समिति के सदस्य प्रेम रंजन चौधरी, राजीव राम सहित अन्य ने बताया कि सीएचसी में फिलहाल केवल दो चिकित्सक कार्यरत हैं, जिससे मरीजों को समुचित स्वास्थ्य सेवाएं देने में कठिनाई हो रही है. बैठक में सक्षम प्राधिकार से अनुमति लेकर अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति कराने का प्रस्ताव पारित किया गया.
सफाई और मरीजों के भोजन की व्यवस्था सुधारने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में साफ-सफाई और मरीजों के भोजन को लेकर मिली शिकायतों के आधार पर संबंधित एजेंसी को 10 दिनों के भीतर व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
आशा बहाली और आय-व्यय रिपोर्ट पर भी चर्चा
बैठक में रोगी कल्याण समिति के सदस्यों के नाम और मोबाइल नंबर का फ्लेक्स अस्पताल के मुख्य द्वार पर लगाने का निर्णय लिया गया. साथ ही अस्पताल के सभी कर्मियों के नाम, कार्यक्षेत्र और मोबाइल नंबर भी प्रदर्शित किए जाएंगे. आशा बहाली की सूचना समिति के सदस्यों को उपलब्ध कराने तथा चयन प्रक्रिया में अनियमितता की आशंका होने पर सिविल सर्जन, वैशाली से जांच कराने की मांग का प्रस्ताव भी पारित किया गया. इसके अलावा समिति के आय-व्यय का प्रतिवेदन अगली बैठक में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया. बैठक में बीसीएम नवीन कुमार, लेखपाल संतोष कुमार, समिति के सदस्य प्रेम रंजन चौधरी, राजीव राम, अरविंद कुमार, पूजन पासवान सहित अन्य मौजूद थे.
