वैशाली के राघोपुर में 8 वर्षीय बच्चे के अपहरण के बाद हत्या की आशंका, गंगा में शव तलाश रही एसडीआरएफ

हाजीपुर के रामपुर श्यामचंद में 8 साल के अंकुश के अपहरण और फिरौती मांगने के मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है. परिजनों का आरोप है कि बच्चे की हत्या कर शव गंगा में फेंक दिया गया है. एसडीआरएफ की टीम तलाश कर रही है.

Hajipur News: राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद पंचायत में 8 वर्षीय बच्चे के अपहरण और फिरौती मांगने के मामले में हत्या की आशंका जतायी जा रही है. परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि बच्चे की हत्या कर शव को सिक्स लेन पुल के पाया नंबर-61 के पास गंगा नदी में फेंक दिया गया है. सूचना के बाद एसडीआरएफ की टीम गंगा नदी में बच्चे के शव की तलाश कर रही है.

मृतक बच्चे की पहचान रामपुर श्यामचंद निवासी अनिल पंडित के पुत्र अंकुश कुमार (8) के रूप में की गयी है. बताया जाता है कि सोमवार की दोपहर करीब 12 बजे अंकुश अपने घर के दरवाजे के पास खेल रहा था. इसी दौरान वह अचानक लापता हो गया. परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका.

कुछ घंटे बाद दोपहर करीब तीन बजे अनिल पंडित के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया. कॉल करने वाले ने पहले 10 लाख रुपये फिरौती की मांग की. बाद में रकम घटाकर 5 लाख रुपये करने की बात कही गयी. आरोप है कि पैसे नहीं देने पर बच्चे को जान से मारने की धमकी दी गयी.

परिजनों ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप

परिजनों का आरोप है कि घटना की सूचना तत्काल राघोपुर थाना को दी गयी, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया. बच्चे की मां और अन्य परिजनों का कहना है कि थाना जाने पर उन्हें वापस भेज दिया गया और घर के पुरुष सदस्य को बुलाने की बात कही गयी.

वहीं, पुलिस ने अपहरण और फिरौती मामले में एक महिला समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. हिरासत में लिये गये लोगों में मनोज राय, उसकी पत्नी, बेटी सहित एक अन्य युवक शामिल बताया जा रहा है.

पहचान उजागर होने के डर से हत्या का आरोप

ग्रामीणों के अनुसार, स्थानीय एक किराना दुकानदार पर बच्चे के अपहरण का संदेह जताया जा रहा है. ग्रामीणों का आरोप है कि बच्चे को मोटरसाइकिल से पहाड़पुर बाजार ले जाया गया, जहां एक मुर्गा काटने वाले व्यक्ति के मोबाइल से ओटीपी लेकर व्हाट्सएप बनाया गया और उसी नंबर से फिरौती की मांग की गयी.

ग्रामीणों का कहना है कि बच्चा अपहरणकर्ता को पहचान गया था. पहचान उजागर होने के डर से आरोपी ने उसकी हत्या कर शव को गंगा नदी में फेंक दिया.

कक्षा एक में पढ़ता था अंकुश

अंकुश कुमार गांव के एक निजी विद्यालय में कक्षा एक का छात्र था. परिजनों के अनुसार वह पढ़ाई में काफी तेज था. सोमवार को विद्यालय बंद होने के कारण वह घर के पास खेल रहा था, तभी उसके साथ यह घटना हुई.

बच्चे की हत्या की आशंका की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया. माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

एसडीआरएफ कर रही तलाश

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया. एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया, जो गंगा नदी में बच्चे के शव की तलाश कर रही है.

एसडीपीओ सदर-01 सुबोध कुमार ने बताया कि अपहरण मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है. उनसे पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा.

Also Read: बिहार में ऑनलाइन जुआ खेलने वालों की अब खैर नहीं, विधानसभा से नया कानून पास, दूसरी बार पकड़े गए तो 2 साल की सजा


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Abhishek shaswat

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >