Jal Jeevan Mission: थावे प्रखंड सभागार में मंगलवार को आयोजित बीस सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं समिति के सदस्यों ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया. बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों से विभिन्न योजनाओं की प्रगति और शिकायतों को लेकर जवाब-तलब किया गया.
भाजपा पश्चिमी मंडल अध्यक्ष सह बीस सूत्री सदस्य शैलेश तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बंद पड़ी नल-जल योजनाएं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, यूरिया खाद की उपलब्धता, आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था, मनरेगा कार्य और साफ-सफाई जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठे.
सर्वे अमीन पर प्रति खेसरा ₹5 हजार मांगने का आरोप
बैठक में भाजपा पूर्वी मंडल अध्यक्ष सह बीस सूत्री सदस्य अजय सिंह ने थावे अंचल के सर्वे अमीन विनय कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रति खेसरा ₹5 हजार की मांग की जा रही है. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की.
इसके अलावा अजय सिंह ने सड़क के बीच लगे विद्युत पोल हटाने, फूलुगनी-इटवा पुल बांध तथा क्षतिग्रस्त पुलिया की मरम्मत कराने की भी मांग उठाई.
वृंदावन-लछवार सड़क और पुलिया की समस्या भी उठी
बीस सूत्री सदस्य माधो सिंह ने वृंदावन शिवटहल राय के टोला में पीसीसी सड़क निर्माण, वृंदावन खानपुर अजमत से लछवार जाने वाली सड़क पर बंद पुलिया की सफाई तथा होलिका दहन स्थल की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग रखी.
विधानसभा संयोजक भरत सिंह ने वृद्धा पेंशन, आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था, मनरेगा कार्यों में सुधार, गवदरी विद्यालय परिसर में जलजमाव, रामचंद्रपुर-गवदरी नहर पर क्षतिग्रस्त पुल के निर्माण तथा लोहिया स्वच्छता अभियान के तहत नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने की मांग की.
नल-जल योजना और स्ट्रीट लाइट की बदहाली पर नाराजगी
सदस्य सतेंद्र सिंह ने प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में करीब 80 प्रतिशत बंद पड़ी नल-जल योजनाओं और खराब स्ट्रीट लाइटों को जल्द चालू कराने की मांग उठाई.
वहीं सदस्य प्रशांत सिंह ने जर्जर विद्युत पोलों की मरम्मत, जयप्रकाश मांझी ने लछवार दुर्गा मंदिर परिसर में बिजली के पोल को दुरुस्त कराने तथा संजय गुप्ता ने थावे बाजार से अतिक्रमण हटाने का मुद्दा उठाया.
बैठक में अन्य सदस्यों ने भी नल-जल योजना, अंचल एवं प्रखंड कार्यालय, शिक्षा, अस्पताल और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की.
बैठक में मौजूद रहे अधिकारी
बैठक में बीडीओ प्रियांशी प्रिया, सीओ सुधीर कुमार ओंकारा, आरडीओ शर्मीन रेयाज, प्रखंड प्रमुख किरण देवी, बीईओ सम्राट शिवमणि, सेंट्रल बैंक के शाखा प्रबंधक अजीत कुमार, जदयू प्रखंड अध्यक्ष बुलेट सिंह, स्वास्थ्य प्रबंधक खुशबू कुमारी सहित विभिन्न विभागों के प्रखंड स्तरीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें: बिहार में शिक्षकों के लिए नई एसओपी जारी, ट्रांसफर से पहले ये 5 बातें जानना जरूरी
