गोपालगंज की बेटियों को अब पीजी की पढ़ाई के लिए नहीं जाना होगा दूसरे शहर

Gopalganj news : जिले में उच्च शिक्षा का दायरा बढ़ेगा और हजारों छात्र-छात्राओं को अपने गृह जिले में ही स्नातकोत्तर शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा.

Gopalganj news : विकास दुबे की रिपोर्ट गोपालगंज जिले के छात्र-छात्राओं, विशेषकर बेटियों के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी राहत की खबर है. अब स्नातकोत्तर (पीजी) की पढ़ाई के लिए उन्हें पटना, मुजफ्फरपुर, छपरा या अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. जयप्रकाश विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्वत परिषद एवं अधिषद से अनुमोदन मिलने के बाद जिले के चार अंगीभूत महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-28 से पीजी नामांकन शुरू करने की अनुमति प्रदान कर दी है.

इस निर्णय से जिले में उच्च शिक्षा का दायरा बढ़ेगा और हजारों छात्र-छात्राओं को अपने गृह जिले में ही स्नातकोत्तर शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा.

अधिकतम तीन विषयों में अभी पीजी की पढ़ाई शुरू होगी

विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. डॉ. नारायण दास द्वारा जारी सूचना के अनुसार स्नातकोत्तर कक्षाओं का संचालन चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा. पहले शैक्षणिक सत्र में कॉलेजों की आधारभूत संरचना और शिक्षकों की उपलब्धता के आधार पर अधिकतम तीन विषयों में पीजी की पढ़ाई शुरू होगी. प्रत्येक विषय में न्यूनतम 32 सीटों पर नामांकन लिया जाएगा.

संसाधन और शिक्षकों की उपलब्धता होगी आधार

विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल उन्हीं विषयों में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे, जिनमें स्नातक स्तर पर पहले से पढ़ाई संचालित हो रही है. साथ ही संबंधित विभाग में कम-से-कम दो शिक्षक कार्यरत होना अनिवार्य होगा. अतिथि शिक्षकों को भी इसमें शामिल किया जा सकेगा.

इन कॉलेजों में खुलेगा पीजी का रास्ता

विश्वविद्यालय के आदेश के अनुसार जिले के चार अंगीभूत महाविद्यालयों में विभिन्न विषयों में स्नातकोत्तर शिक्षा शुरू करने की तैयारी की जा रही है. भोला प्रसाद सिंह महाविद्यालय, भोरे में रसायनशास्त्र, भौतिकी, जंतु विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, गणित, राजनीति विज्ञान, इतिहास, मनोविज्ञान, अंग्रेजी, भूगोल एवं हिन्दी विषय उपलब्ध हैं. महेन्द्र महिला महाविद्यालय, गोपालगंज में राजनीति विज्ञान, मनोविज्ञान, अर्थशास्त्र, गृह विज्ञान, दर्शनशास्त्र, हिन्दी, संस्कृत, अंग्रेजी एवं इतिहास विषयों में पीजी की पढ़ाई शुरू होने की संभावना है.

कमला राय महाविद्यालय, गोपालगंज में भौतिकी, रसायनशास्त्र, वनस्पति विज्ञान, जंतु विज्ञान, भूगोल, इतिहास, मनोविज्ञान, दर्शनशास्त्र, अर्थशास्त्र, अंग्रेजी, उर्दू, हिन्दी एवं संस्कृत विषयों में स्नातकोत्तर शिक्षा का मार्ग प्रशस्त हुआ है. वहीं गोपेश्वर महाविद्यालय, हथुआ में रसायनशास्त्र, इतिहास, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, हिन्दी एवं दर्शनशास्त्र विषय उपलब्ध हैं.

छात्राओं को मिलेगा सबसे बड़ा लाभ

जिले में पीजी शिक्षा की सुविधा उपलब्ध होने से सबसे अधिक लाभ छात्राओं को मिलेगा. अब उन्हें उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों में किराये पर रहकर पढ़ाई करने की आवश्यकता नहीं होगी. ग्रामीण क्षेत्रों की कई छात्राएं आर्थिक और सामाजिक कारणों से स्नातक के बाद पढ़ाई छोड़ देती थीं, लेकिन अब उनके लिए उच्च शिक्षा का रास्ता आसान हो जाएगा.

इसके अलावा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर भी अतिरिक्त खर्च का बोझ कम होगा. स्थानीय स्तर पर बेहतर शैक्षणिक अवसर मिलने से समय और संसाधनों दोनों की बचत होगी.

उच्च शिक्षा को मिलेगा नया विस्तार

शिक्षा जगत से जुड़े लोगों का मानना है कि यह निर्णय गोपालगंज में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। लंबे समय से जिले में पीजी पाठ्यक्रमों के विस्तार की मांग उठ रही थी. विश्वविद्यालय के इस फैसले से न केवल विद्यार्थियों को लाभ होगा, बल्कि कॉलेजों में शैक्षणिक गतिविधियां भी बढ़ेंगी. शोध, प्रतियोगी परीक्षाओं और शिक्षण क्षेत्र में करियर बनाने वाले विद्यार्थियों को भी इसका लाभ मिलेगा. शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे जिले के शैक्षणिक विकास की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया है.

Also Read : लापरवाह थानाध्यक्षों पर एसपी का बड़ा एक्शन, 21 का वेतन रोका

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >