Gopalganj News : राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से शहर के सम्राट अशोक भवन में 'सेवा, संकल्प और समर्पण के 100 दिन' थीम पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में नृत्य, गायन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं एवं जनहितकारी कार्यों का संदेश लोगों तक पहुंचाया गया.
सरस्वती संगीत कला केंद्र की छात्राओं ने बिखेरा प्रतिभा का रंग
कार्यक्रम में सरस्वती संगीत कला केंद्र की छात्राओं ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया. देशभक्ति, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों पर आधारित नृत्य एवं गायन ने उपस्थित लोगों की खूब सराहना बटोरी. पूरे कार्यक्रम के दौरान दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया.
इन छात्राओं ने दी आकर्षक प्रस्तुति
सरस्वती संगीत कला केंद्र की छात्राएं वेदिका, सुरम्या, रूही, जूही, सोनाली, आन्या और स्वस्ति ने पारंपरिक एवं प्रेरणादायी गीतों पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए. उनकी सधी हुई प्रस्तुति और प्रभावशाली मंच संचालन ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया.
जनजागरूकता बढ़ाने का भी रहा उद्देश्य
आयोजकों ने बताया कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों का उद्देश्य केवल मनोरंजन करना नहीं, बल्कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी सांस्कृतिक माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भी है.
कलाकारों के उज्ज्वल भविष्य की कामना
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे और सभी ने कलाकारों की प्रस्तुति की मुक्तकंठ से सराहना की. समापन अवसर पर प्रतिभागी छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की प्रशंसा की गई.
Also Read : जेपीयू ने जारी किया स्नातक तृतीय सेमेस्टर परीक्षा का संशोधित कार्यक्रम, 28 जुलाई से होगी परीक्षा
