Jal Jeevan Hariyali Diwas Gopalganj: गोपालगंज जिले के सभी सरकारी प्रारंभिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में मंगलवार को जल-जीवन-हरियाली दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया. इस अवसर पर विद्यार्थियों ने प्रभातफेरी, पौधारोपण, वाद-विवाद प्रतियोगिता और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से जल संरक्षण एवं पर्यावरण बचाने का संदेश दिया.
प्रभातफेरी निकालकर लोगों को किया जागरूक
विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रभातफेरी निकालकर लोगों से पानी की बर्बादी रोकने, वर्षा जल संचयन अपनाने और अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की. बच्चों ने "जल है तो कल है" जैसे नारों और पोस्टरों के जरिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया.
वाद-विवाद और पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित
विद्यालयों में आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने जल संकट, पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए. कई स्कूलों में इको क्लब के सदस्यों ने पौधारोपण किया और पौधों की देखभाल का संकल्प लिया.
तय थीम के अनुसार हुआ आयोजन
इस वर्ष कार्यक्रम की थीम "शिक्षण के साथ जल संरक्षण, सरकारी शैक्षणिक संस्थानों में छत वर्षा जल संचयन संरचना एवं जन-जागरूकता अभियान" रही. बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के निर्देश पर जिला शिक्षा विभाग ने सभी विद्यालयों में इसी थीम के अनुरूप कार्यक्रम आयोजित कराए.
प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी लखींद्र दास के निर्देश पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों ने विद्यालयों में कार्यक्रमों की निगरानी भी की.
विद्यालयों से मांगे गए फोटो और वीडियो
कार्यक्रम की मॉनिटरिंग के लिए शिक्षा विभाग ने सभी विद्यालयों को आयोजन के एचडी फोटो और वीडियो व्हाट्सएप के माध्यम से जिला शिक्षा कार्यालय भेजने का निर्देश दिया. विद्यालयों से प्राप्त फोटो और वीडियो का संकलन कर राज्य मुख्यालय को रिपोर्ट भेजी जाएगी.
शिक्षा विभाग का मानना है कि विद्यालयों के माध्यम से चलाया गया यह अभियान बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों और समाज में भी जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
इसे भी पढ़ें: वैशाली के टॉप-10 अपराधी समेत दो गिरफ्तार, देसी कारबाइन और कट्टा बरामद
