Gopalganj News: ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी ने अपनी स्थापना और सेवा के 80 गौरवमयी वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में खास पहल की है. कंपनी की गोपालगंज शाखा द्वारा शहर स्थित केंद्रीय विद्यालय परिसर में भव्य पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान कंपनी के अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यालय के प्राचार्य और शिक्षकों ने मिलकर पौधे रोपे और हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया.
पर्यावरण बचाने के लिए जनभागीदारी जरूरी
कंपनी के वरिष्ठ व्यवसाय प्रबंधक अभिषेक कुमार ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के अस्तित्व के लिए अनिवार्य हैं. बढ़ते प्रदूषण और तेजी से बदलते मौसम के दौर में पर्यावरण संरक्षण बेहद जरूरी हो चुका है. उन्होंने कहा कि केवल सरकारी स्तर पर प्रयास करने से प्रकृति की रक्षा संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक नागरिक को आगे आकर अपने घरों व आसपास पौधे लगाने होंगे.
पौधे लगाने के साथ देखभाल भी अहम
अधिकारियों ने जोर देकर कहा कि 80 साल का सफर पूरा होना गौरव की बात है, इसलिए इसे सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ते हुए पौधारोपण किया गया है. उन्होंने अपील की कि लोग सिर्फ पौधे लगाकर न छोड़ें, बल्कि उनकी नियमित देखभाल भी सुनिश्चित करें. पौधा जब बड़ा होकर वृक्ष बनता है, तभी समाज और प्रकृति को उसका वास्तविक लाभ मिल पाता है.
प्राचार्य और शिक्षक भी रहे मौजूद
इस जागरूकता कार्यक्रम में कंपनी की ओर से बच्चन कुमार, दीपक कुमार, प्रमोद कुमार और प्रनीत खरे सहित कई प्रमुख कर्मी उपस्थित रहे. वहीं केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार, शिक्षकगण और अन्य कर्मचारियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई. सभी ने मिलकर स्कूल परिसर में पौधों की सुरक्षा और हरियाली बनाए रखने की सामूहिक जिम्मेदारी ली.
Also Read: गोपालगंज: हथुआ में 10 साल बाद भी सूखी पड़ी नल-जल योजना की टंकी, पानी को तरस रहे वार्ड 11-12 के लोग
