गोपालगंज के बहेरवा में महावीरी अखाड़े में उमड़ी भीड़, भगवा रंग में रंगा पूरा इलाका; यूपी सीमा से भी पहुंचे श्रद्धालु

गोपालगंज के बहेरवा में दो दिवसीय महावीरी अखाड़ा का समापन शांतिपूर्ण माहौल में हुआ। सीमावर्ती यूपी से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जिन्होंने महावीर जी की झांकियों का दर्शन किया।

Gopalganj News : कटेया थाना क्षेत्र के बहेरवा में आयोजित दो दिवसीय महावीरी अखाड़ा शुक्रवार की देर शाम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया. अखाड़े में महावीर जी की आकर्षक झांकियां निकाली गयीं, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक पहुंचे. बहेरवा बाजार यूपी की सीमा से सटा होने के कारण सीमावर्ती उत्तर प्रदेश के इलाकों से भी काफी संख्या में लोग यहां पहुंचे थे. पूरे आयोजन के दौरान जय श्रीराम और जय महावीर के नारों से बाजार गूंजता रहा.

झांकियों के साथ हुआ अखाड़ों का मिलान

महावीर जी की झांकियां आयोजन का मुख्य आकर्षण रहीं. प्रशासन की मौजूदगी में देर रात बहेरवा बाजार के मध्य में सभी अखाड़ों का मिलान कराया गया. इस दौरान बाजार में लोगों की भारी भीड़ जमा रही. बहेरवा और आसपास का इलाका भगवा रंग में रंगा नजर आया. अखाड़े में धार्मिक उत्साह के साथ देशभक्ति का भी माहौल देखने को मिला.

एक दर्जन से अधिक गांवों से पहुंचे लोग

महावीरी अखाड़े में गोपालपुर, मचवा, दतपट्टी, अमेया, मोतीपुर, परसौनी समेत एक दर्जन से अधिक गांवों के लोग पहुंचे. बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी महावीर जी की झांकी के दर्शन किये. सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण उत्तर प्रदेश से भी श्रद्धालुओं की अच्छी भागीदारी रही.

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देर रात तक जुटे रहे दर्शक

आयोजन समिति की ओर से दर्शकों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया था. गीत-संगीत का दौर कई घंटे तक चलता रहा. कलाकारों ने विभिन्न कलाओं का प्रदर्शन किया. कार्यक्रम के दौरान नर्तकियों की प्रस्तुति पर युवक झूमते नजर आये. कुछ समय के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का मनोरंजन पक्ष धार्मिक आयोजन पर हावी दिखा. दर्शकों ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया.

सुरक्षा को लेकर तैनात रहा पुलिस बल

अखाड़े के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. कई स्थानीय पदाधिकारी भी विधि-व्यवस्था की निगरानी में जुटे रहे. आयोजन समिति के सदस्यों ने भी प्रशासन के साथ समन्वय करते हुए व्यवस्था संभालने में सक्रिय भूमिका निभायी. स्थानीय प्रशासन और आयोजन समिति की देखरेख में महावीरी अखाड़ा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अजित द्विवेदी

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >