जेपी विश्वविद्यालय में पीजी नामांकन प्रक्रिया शुरू, 6 जून से 18 जून तक आवेदन

Gopalganj News : जेपी विश्वविद्यालय की अपील आवेदन रसीद और भुगतान प्रमाण सुरक्षित रखें, आधार, अंकपत्र और प्रमाणपत्र स्कैन कॉपी जरूरी.

गोपालगंज से विकास दुबे की रिपोर्ट
Gopalganj News : स्नातक की पढ़ाई पूरी कर चुके गोपालगंज जिले के हजारों छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है. अब स्नातकोत्तर (पीजी) की पढ़ाई के लिए उन्हें दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. जयप्रकाश विश्वविद्यालय ने पीजी प्रथम सेमेस्टर सत्र 2026-28 में नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर दिया है. विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर विभागों के साथ-साथ जिले के अंगीभूत कॉलेजों में भी विभिन्न विषयों में नामांकन लिया जायेगा. खास बात यह है कि इस बार कला विषयों के साथ विज्ञान संकाय के विषयों में भी पीजी की पढ़ाई का अवसर मिलेगा. विश्वविद्यालय की ओर से अधिसूचना जारी के अनुसार बताया गया कि ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 6 जून से 18 जून तक चलेगी. आवेदन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर 19 और 20 जून को सुधार का मौका मिलेगा. पहली मेधा सूची 24 जून को प्रकाशित की जायेगी. चयनित छात्र-छात्राओं का नामांकन 25 जून से 4 जुलाई तक होगा, जबकि 5 जुलाई से नये सत्र की कक्षाएं शुरू हो जायेंगी.

महिला कॉलेज की छात्राओं को पहली बार मिला बड़ा अवसर

गोपालगंज महिला कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एके पांडेय ने बताया कि कॉलेज में पहली बार स्नातकोत्तर स्तर पर नामांकन लिया जायेगा. यहां होम साइंस, साइकोलॉजी और इकोनॉमिक्स विषय में 32-32 सीटें निर्धारित की गयी हैं. उन्होंने कहा कि अब जिले की छात्राओं को पीजी की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों में जाने की जरूरत नहीं होगी. इससे ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को भी उच्च शिक्षा प्राप्त करने का बेहतर अवसर मिलेगा.

कमला राय कॉलेज में विज्ञान और कला दोनों विषयों में नामांकन

कमला राय कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एचके पांडेय ने बताया कि कॉलेज में मैथ और पॉलिटिकल साइंस विषय में 64-64 सीटों पर नामांकन लिया जायेगा. वहीं केमिस्ट्री, इकोनॉमिक्स और साइकोलॉजी विषय में 32-32 सीटें निर्धारित की गयी हैं. उन्होंने बताया कि विज्ञान विषयों में पीजी की सुविधा शुरू होने से जिले के छात्रों को विशेष लाभ मिलेगा, क्योंकि अब तक अधिकांश विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे जिलों में जाना पड़ता था.

ऑनलाइन ही देना होगा आवेदन शुल्क, जेपीयू ने जारी किए नियम

विश्वविद्यालय ने सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया है. शुल्क का भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से होगा और एक बार जमा किया गया शुल्क वापस नहीं किया जायेगा. छात्र-छात्राएं एक आवेदन पत्र के माध्यम से अधिकतम तीन कार्यक्रमों या विषयों का चयन कर सकेंगे. प्रत्येक कार्यक्रम के लिए एक जिला और वरीयता क्रम में अधिकतम पांच महाविद्यालयों का चयन करना होगा. विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थी केवल उसी विषय में आवेदन करें, जिसकी पढ़ाई उन्होंने स्नातक स्तर पर की है. ऑनर्स, मेजर या कोर विषय के आधार पर आवेदन करने के लिए संबंधित विषय में कम-से-कम 45 प्रतिशत अंक होना जरूरी है. वहीं सहायक, गौण या सहवर्ती विषय के आधार पर आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए संबंधित विषय में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक अनिवार्य किये गये हैं.

पीजी आवेदन के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट्स अनिवार्य

ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर, आधार कार्ड का विवरण, मैट्रिक और इंटर के अंकपत्र व प्रमाणपत्र, स्नातक अंकपत्र, जाति प्रमाणपत्र, ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र, दिव्यांगता प्रमाणपत्र, माइग्रेशन प्रमाणपत्र तथा सीएलसी/टीसी समेत अन्य आवश्यक दस्तावेजों की स्कैन कॉपी तैयार रखने का निर्देश दिया गया है. विश्वविद्यालय ने छात्रों को अपना व्यक्तिगत मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी इस्तेमाल करने की सलाह दी है. आवेदन जमा करने के बाद उसकी प्रति और भुगतान रसीद सुरक्षित रखने को भी कहा गया है.

मेरिट व सीटों के आधार पर होगा चयन

विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल आवेदन कर देना नामांकन की गारंटी नहीं होगी. अंतिम चयन मेरिट, सीटों की उपलब्धता, दस्तावेज सत्यापन, आरक्षण नियम और विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों के आधार पर किया जायेगा. यदि किसी अभ्यर्थी द्वारा गलत या भ्रामक जानकारी दी जाती है तो उसका आवेदन या नामांकन रद्द किया जा सकता है. जिले में पीजी की सीटें बढ़ने और नये विषयों में पढ़ाई शुरू होने से विद्यार्थियों में उत्साह है. खासकर छात्राओं और ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को इसका सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है.

Also Read : गोपालगंज में आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा, सभी विभागों को अलर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: YUVRAJ RATAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >