गोपालगंज में मीरगंज-समउर सड़क की बदलेगी तस्वीर, 152 करोड़ से होगा कायाकल्प

गोपालगंज की मीरगंज-समउर सड़क के दिन अब बहुरने वाले हैं. राज्य सरकार ने इस लाइफलाइन सड़क के कायाकल्प और सुदृढ़ीकरण के लिए 152 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है. इस मंजूरी से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है और आवागमन सुगम होने की उम्मीद जगी है.

Gopalganj News: गोपालगंज जिले के पश्चिमांचल की लाइफलाइन कही जाने वाली मीरगंज-समउर सड़क के दिन अब बहुरने वाले हैं. लंबे समय से जर्जर सड़क के कायाकल्प और सुदृढ़ीकरण को लेकर राज्य सरकार ने मंजूरी दे दी है. पूर्व मंत्री और जदयू विधायक रामसेवक सिंह की लगातार मांग और पहल के बाद हथुआ अनुमंडल क्षेत्र की विभिन्न प्रमुख सड़कों के सुदृढ़ीकरण, मरम्मत और चौड़ीकरण के लिए कुल 152 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गयी है.

मीरगंज-समउर सड़क की होगी मरम्मत

विधायक रामसेवक सिंह ने बताया कि स्वीकृत राशि से मीरगंज-समउर मुख्य मार्ग की आवश्यकता के अनुसार मरम्मत करायी जायेगी. जिन हिस्सों में जलजमाव और अत्यधिक टूट-फूट की समस्या है, वहां पीसीसी सड़क का निर्माण कराया जायेगा. इसके साथ ही मार्ग में पड़ने वाली पुरानी पुल-पुलियों का जीर्णोद्धार किया जायेगा. जरूरत के अनुसार नयी पुल-पुलियों का निर्माण भी कराया जायेगा.

हजारों लोगों के लिए महत्वपूर्ण है मार्ग

मीरगंज-समउर सड़क इस क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोग, व्यापारी और वाहन आवागमन करते हैं. लंबे समय से सड़क की जर्जर स्थिति और जगह-जगह बने गड्ढों के कारण राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. कई स्थानों पर सड़क की खराब स्थिति के कारण हादसों का खतरा भी बना रहता था.

ग्रामीणों की मांग के बाद मिली मंजूरी

स्थानीय ग्रामीण और जनप्रतिनिधि लंबे समय से सड़क के कायाकल्प की मांग कर रहे थे. सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर कई बार मरम्मत और सुदृढ़ीकरण की मांग उठायी गयी थी. अब सरकार की मंजूरी मिलने के बाद क्षेत्रवासियों में सड़क की स्थिति सुधरने की उम्मीद जगी है.

सड़क सुधरी तो आवागमन होगा आसान

निर्माण और मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद मीरगंज-समउर मार्ग पर आवागमन सुगम होने की उम्मीद है. इससे वाहन चालकों और राहगीरों को गड्ढों और जर्जर सड़क से राहत मिलेगी. साथ ही व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है.

इसे भी पढ़ें:सारण में गंगा का रौद्र रूप: दिघवारा के अकिलपुर पंचायत के 8 गांव बाढ़ में डूबे, सड़क से घर तक पानी ही पानी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रशांत पाठक

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >