गोपालगंज: दी गोपालगंज सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के निदेशक मंडल की बैठक अध्यक्ष महेश राय की अध्यक्षता में आयोजित की गयी. बैठक में बैंक के कार्यकलापों, वित्तीय प्रदर्शन और आगामी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गयी. इस दौरान महिला सशक्तीकरण एवं आर्थिक स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संयुक्त देयता समूह (जेएलजी) के माध्यम से 500 महिलाओं के 100 समूहों को ऋण उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया. इसके लिए नाबार्ड से स्वीकृति प्राप्त करने तथा लाभार्थियों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू करने पर सहमति बनी.
वित्तीय वर्ष 2025-26 के प्रदर्शन की हुई समीक्षा
बैठक में 31 मार्च 2026 तक बैंक के वार्षिक वित्तीय प्रतिवेदन एवं वित्तीय परिणामों की समीक्षा की गयी. वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान जमा वृद्धि, ऋण वितरण तथा एनपीए वसूली में हुई प्रगति पर संतोष व्यक्त किया गया. निदेशक मंडल ने बैंक के वित्तीय प्रदर्शन की सराहना करते हुए आगामी वित्तीय वर्ष में भी बेहतर परिणाम हासिल करने पर जोर दिया.
एनपीए वसूली के लक्ष्य को शत-प्रतिशत हासिल करने का निर्देश
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित जमा वृद्धि, ऋण वितरण एवं एनपीए वसूली के लक्ष्यों की भी बैठक में समीक्षा की गयी. सभी निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत हासिल करने के लिए हरसंभव प्रयास करने का निर्देश दिया गया. इसके लिए प्रबंध निदेशक को आवश्यक कार्रवाई एवं रणनीति तैयार करने के लिए अधिकृत किया गया.
नये मनोनीत निदेशकों का किया गया स्वागत
बैठक की शुरुआत भारतीय रिजर्व बैंक के प्रोफेशनल निदेशक संबंधी दिशा-निर्देशों के आलोक में निदेशक मंडल में मनोनीत नये सदस्यों के स्वागत से हुई. अध्यक्ष महेश राय ने मानव संसाधन विशेषज्ञ एवं विभिन्न संस्थानों में उच्च पदों पर कार्य कर चुके प्रेमांकुर भट्टाचार्जी, कृषि वैज्ञानिक डॉ. प्रवीण कुमार द्विवेदी, राज्य सहकारी बैंक के पूर्व निदेशक राजेश कुमार तथा स्व. अल्पना शाही के निधन से रिक्त हुए पद पर मनोनीत ज्योति कुमार शाही का शाल भेंट कर स्वागत किया.
वहीं, बैंक के प्रबंध निदेशक सुमन कुमार सिंह ने सभी नवमनोनीत निदेशकों को पौधा भेंट कर उनका अभिनंदन किया.
किसानों को सौर ऊर्जा संचालित पंपसेट के लिए मिलेगा वित्तपोषण
बैठक में पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया गया. प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना एवं प्रधानमंत्री कुसुम योजना के अंतर्गत किसानों को सौर ऊर्जा संचालित पंपसेट उपलब्ध कराने के साथ इलेक्ट्रिक वाहनों एवं चार्जिंग स्टेशन की स्थापना के लिए वित्तपोषण संबंधी व्यापक नीति तैयार करने का निर्णय लिया गया. इसके लिए एक समिति का गठन करने पर भी सहमति बनी.
30 अगस्त को होगी बैंक की वार्षिक आम सभा
निदेशक मंडल ने बैंक की वार्षिक आम सभा 30 अगस्त को आयोजित करने का निर्णय लिया. आम सभा की तैयारियों और आवश्यक व्यवस्थाओं को पूरा करने के लिए प्रबंध निदेशक सुमन कुमार सिंह को अधिकृत किया गया.
ये रहे मौजूद
बैठक में उपाध्यक्ष श्री विजन राय सहित निदेशक रमेन्द्र कुमार सिंह, विरेन्द्र प्रसाद यादव, प्रफुल राय, अभिषेक कुमार, शंकर राम, श्रीमती कुसुम त्रिपाठी, श्री ललन प्रसाद चौरसिया, इम्तेयाज अंसारी, प्रोफेशनल निदेशक प्रेमांकुर भट्टाचार्जी, डॉ. प्रवीण कुमार द्विवेदी, राजेश कुमार एवं ज्योति कुमार शाही उपस्थित रहे.
इसके अलावा प्रबंध निदेशक सुमन कुमार सिंह, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक (डीडीएम) अभिनव कुमार, बैंक के प्रबंधक (लेखा) बबलू कुमार, प्रबंधक (ऋण) परमवीर कुमार, प्रबंधक (स्थापना) अमित कुमार राय एवं जनसंपर्क पदाधिकारी निखिल कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
Also Read: भरत तिवारी पर सबसे पहले गोली चलाने वाला STF जवान अरेस्ट, 24 जुलाई को ही CM सम्राट से मिला था परिवार
