मक्का के खेत में संदिग्ध हालात में वृद्ध का शव मिलने से सनसनी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

Siwan News : मांझा थाना क्षेत्र के बलुआ टोला गांव में मक्का के खेत में एक वृद्ध का संदिग्ध अवस्था में शव मिला है। परिजनों के अनुसार, वे घास लाने गए थे और देर तक नहीं लौटे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Siwan News : मांझा थाना क्षेत्र के बलुआ टोला गांव में रविवार शाम मक्का के खेत में घास लाने गए एक वृद्ध का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

घास लाने गए थे, देर तक नहीं लौटने पर शुरू हुई तलाश

मृतक की पहचान बलुआ टोला गांव निवासी 60 वर्षीय हज़रत अली के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, रविवार शाम वह घर से कुछ दूरी पर स्थित मक्का के खेत में घास लाने गए थे. काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के सदस्य और ग्रामीण उनकी तलाश में निकले. खोजबीन के दौरान उनका शव खेत में पड़ा मिला.

शव मिलने से गांव में मची अफरातफरी

खेत में शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया. घटना की सूचना पर मांझा थानाध्यक्ष निरंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारण का खुलासा

प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के शरीर की चमड़ी काली और सिकुड़ी हुई देखी, जिससे मौत के कारणों को लेकर विभिन्न आशंकाएं जताई जा रही हैं. हालांकि, पुलिस ने फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है.

सभी पहलुओं पर जांच कर रही पुलिस

मांझा थानाध्यक्ष निरंजन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है. घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

Also Read : शिव चर्चा के दौरान पोखर में डूबने से छह वर्षीय बच्ची की मौत, गांव में पसरा मातम



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Akhil srivastva

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >