समाहरणालय सभा कक्ष में डीएम समीर सौरभ की अध्यक्षता में आपूर्ति टास्क फोर्स की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गयी. बैठक में खाद्यान्न उठाव एवं वितरण, राशन कार्ड, इ-केवाईसी, जन वितरण प्रणाली की दुकानों के निरीक्षण तथा सहयोग शिविर से प्राप्त आवेदनों के त्वरित निष्पादन सहित आपूर्ति विभाग से संबंधित विभिन्न कार्यों की समीक्षा की गयी. बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने दोनों एसडीओ को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने स्तर पर संबंधित पदाधिकारियों के साथ नियमित बैठक कर कार्यों की समीक्षा करें और इसके बाद ही जिला स्तर की बैठक में शामिल हों.
राशन कार्ड से संबंधित इ-केवाइसी की हुई समीक्षा
उन्होंने अधिकारियों को आपूर्ति व्यवस्था से जुड़े कार्यों में गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया. राशन कार्ड से संबंधित इ-केवाईसी की समीक्षा के दौरान कुचायकोट प्रखंड में लक्ष्य के अनुरूप अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर जिला पदाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की. समीक्षात्मक रिपोर्ट के अनुसार 19 अगस्त 2026 तक जिले में कुल 12,484 के लक्ष्य के विरुद्ध 18,893 आवेदन प्राप्त हुए हैं तथा 12,892 आवेदनों का ई-केवाईसी सक्षम किया गया है. डीएम ने जिले के सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को सख्त लहजे में कहा कि इ-केवाईसी के निर्धारित लक्ष्य को चार दिनों के अंदर पूर्ण करना सुनिश्चित करें.
जन वितरण की दुकानों का करे नियमित निरीक्षण
डीएम ने दोनों एसडीएम, जिला आपूर्ति पदाधिकारी एवं सभी एमओ को जन वितरण प्रणाली की दुकानों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया. जुलाई में जिले में कुल 1,417 पीडीएस दुकानों के निरीक्षण की समीक्षा की गयी थी, जिसमें 973 निरीक्षण दर्ज किये गये थे. इस दौरान सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की गयी. डीएम ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पीडीएस दुकानों से संबंधित सहयोग शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का अनिवार्य रूप से त्वरित निष्पादन किया जाए.गौरतलब है कि 18 अगस्त 2026 तक सहयोग पोर्टल पर कुल 1,659 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 1,653 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है जबकि 6 आवेदन लंबित हैं.
लंबित आवेदनों को जल्द निबटाने का आदेश
डीएम ने उपस्थित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करते हुए आम लोगों को समयबद्ध तरीके से सरकार की योजनाओं एवं सुविधाओं को सुनिश्चित किया जाए. बैठक में आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा विभागीय कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया. बैठक में एसडीओ डॉ. प्रेरणा सिंह, वरीय उप समाहर्ता दिलीप कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी तथा सभी प्रखंडों के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी उपस्थित रहे.
