Gopalganj News: सावन माह के पावन अवसर पर बरौली स्थित ऐतिहासिक डाक बाबू शिव मंदिर में मंगलवार से दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत हो गई. वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ 24 घंटे के अखंड शिव-पार्वती नाम जप (शिवयाम) का शुभारंभ किया गया. शिवयाम शुरू होते ही पूरा मंदिर परिसर 'हर-हर महादेव' और शिव नाम के जयघोष से गूंज उठा. बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे.
शिवयाम के बाद शुरू होगा 24 घंटे का अष्टयाम
मंदिर के पुजारी बाल बैरागी महाराज ने बताया कि 24 घंटे तक चलने वाला शिवयाम बुधवार को संपन्न होगा. इसके अगले दिन अखंड रामनाम जप (अष्टयाम) की शुरुआत होगी, जो लगातार 24 घंटे तक चलेगा. धार्मिक अनुष्ठानों की पूर्णाहुति के बाद पांचवें दिन विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बरौली और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है.
धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह
सावन माह में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है. मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और भक्तों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं. पूरे आयोजन के दौरान भजन-कीर्तन और शिव नाम संकीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है.
आयोजन को सफल बनाने में जुटी समिति
धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में मनोज दुबे, तपन मिश्रा, सुजीत कुमार यादव, मनु श्रीवास्तव, धर्मवीर पटेल, संजय शर्मा, मुकेश दुबे सहित कई श्रद्धालु और समिति के सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.
इसे भी पढ़ें: Prashant Kishor: 51 हजार की बढ़त से करारी हार तक, प्रशांत किशोर ने बताया क्यों खिसकी बीजेपी की जमीन
