गोपालगंज में अर्द्धवार्षिक परीक्षा की कॉपी जांच शुरू, 25 सितंबर तक चलेगा मूल्यांकन

गोपालगंज जिले में पहली से आठवीं कक्षा तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षा संपन्न हो चुकी है. सोमवार से सभी 230 सीआरसी केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू हो गया है. शिक्षकों द्वारा दूसरे स्कूलों की कॉपियां जांची जाएंगी ताकि पारदर्शिता बनी रहे.

Gopalganj News : गोपालगंज जिले में पहली से आठवीं कक्षा तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षा समाप्त होने के बाद सोमवार से उत्तर पुस्तिकाओं की जांच शुरू हो गयी. जिले के सभी 230 सीआरसी केंद्रों पर पहले दिन से ही मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू करा दी गयी. सुबह से अलग-अलग विद्यालयों से पहुंचे शिक्षक उत्तर पुस्तिकाओं की जांच में जुटे रहे. कॉपियों में विद्यार्थियों के प्रदर्शन के आधार पर उनकी पढ़ाई की स्थिति का आकलन किया जायेगा.

मूल्यांकन में पारदर्शिता बनाये रखने के लिए इस बार शिक्षकों को दूसरे विद्यालयों की उत्तर पुस्तिकाएं जांचने के लिए दी गयी हैं. जिले के सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त प्रारंभिक व मध्य विद्यालयों में 15 से 20 सितंबर तक अर्द्धवार्षिक परीक्षा आयोजित हुई थी. कक्षा एक और दो के बच्चों का मौखिक मूल्यांकन कराया गया, जबकि कक्षा तीन से आठवीं तक के विद्यार्थियों की लिखित परीक्षा ली गयी.

अपने स्कूल के बच्चों की कॉपी नहीं जांचेंगे शिक्षक

डीईओ ने बताया कि मूल्यांकन के लिए शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति दूसरे विद्यालयों में की गयी है. बीआरसी और सीआरसी स्तर से शिक्षकों को उत्तर पुस्तिकाओं की जांच की जिम्मेदारी दी गयी है. जिस विद्यालय में शिक्षक पढ़ाते हैं, उसी विद्यालय के बच्चों की कॉपियां उन्हें जांचने के लिए नहीं दी गयी हैं.

विभाग के अनुसार, इससे मूल्यांकन में पारदर्शिता बनी रहेगी और पक्षपात की गुंजाइश कम होगी. उत्तर पुस्तिकाओं की जांच के बाद विद्यार्थियों के प्राप्तांक और ग्रेड मूल्यांकन पंजी, मूल्यांकन प्रपत्र और प्रगति पत्रक में दर्ज किये जायेंगे. इससे प्रत्येक बच्चे की पढ़ाई की स्थिति का रिकॉर्ड तैयार होगा. कमजोर प्रदर्शन करने वाले बच्चों की पहचान कर उन्हें अतिरिक्त शैक्षणिक मदद देने की दिशा में भी काम किया जायेगा.

पांच दिन में पूरा करना है मूल्यांकन

कक्षा तीन से आठवीं तक की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 21 से 25 सितंबर तक किया जायेगा. इसके लिए जिले के सभी 230 सीआरसी केंद्रों पर व्यवस्था की गयी है. विभाग ने निर्धारित समय सीमा के भीतर मूल्यांकन पूरा करने का निर्देश दिया है, ताकि तय तारीख पर विद्यार्थियों का परिणाम अभिभावकों तक पहुंचाया जा सके.

26 सितंबर को अभिभावकों के सामने आयेगा रिजल्ट

मूल्यांकन पूरा होने के बाद 26 सितंबर को सभी विद्यालयों में शिक्षक-अभिभावक बैठक आयोजित की जायेगी. इसमें अभिभावकों को बच्चों के परीक्षा परिणाम और उनकी पढ़ाई की प्रगति की जानकारी दी जायेगी.

जिन विद्यार्थियों का प्रदर्शन कमजोर रहेगा, उनके लिए पढ़ाई में सुधार की आगे की रणनीति तैयार की जायेगी. इससे अभिभावकों को यह जानकारी मिल सकेगी कि उनका बच्चा किन विषयों में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है और किन विषयों में उसे अतिरिक्त मदद की जरूरत है.

जिला स्तर से भी मूल्यांकन की निगरानी

मूल्यांकन प्रक्रिया पर जिला स्तर से भी निगरानी रखी जा रही है. किसी तरह की समस्या की तत्काल सूचना देने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष संचालित किया गया है. आरपी सिंह को नोडल अधिकारी बनाया गया है.

फोटो:- कुचायकोट के विशम्भरपुर सीआरसी पर कॉपी जांच करते शिक्षक | Prabhat Khabar Network

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकाश कुमार दूबे

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >