Gopalganj News : गोपालगंज जिले में स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और स्वच्छ, सुंदर व स्वस्थ समाज के निर्माण के उद्देश्य से ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान का शुभारंभ किया गया. जिला जल एवं स्वच्छता समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन, डीएम समीर सौरभ, डीडीसी गौरव कुमार और डीआरडीए निदेशक राकेश कुमार चौबे समेत वरीय पदाधिकारियों ने किया.
गांव-गांव पहुंचेंगे स्वच्छता जागरूकता रथ
अभियान के तहत जिले की सभी पंचायतों के ई-रिक्शा को ‘स्वच्छता जागरूकता रथ’ के रूप में तैयार किया गया है. ऑडियो संदेशों से लैस इन रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया. ये रथ विभिन्न प्रखंडों के गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों को कचरा प्रबंधन, स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूक करेंगे.
पांच स्तंभों पर आधारित है स्वच्छता अभियान
अभियान में स्वच्छता एवं साफ-सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, जन-जागरूकता एवं व्यवहार परिवर्तन, जनभागीदारी एवं सामुदायिक सहभागिता तथा सफाई मित्र सुरक्षा शिविर को पांच प्रमुख स्तंभ बनाया गया है. इसके तहत सार्वजनिक स्थलों की सफाई, कचरे का उचित संग्रहण, पृथक्करण, परिवहन और निस्तारण पर विशेष जोर दिया जाएगा.
गीले और सूखे कचरे को अलग रखने की अपील
जागरूकता रथों के माध्यम से ग्रामीणों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, निर्धारित स्थान पर कचरा देने और सार्वजनिक स्थलों को गंदा नहीं करने के लिए प्रेरित किया जाएगा. पंचायतों, ग्रामीणों और विभिन्न संस्थाओं की भागीदारी से अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास किया जाएगा.
सफाई मित्रों के स्वास्थ्य की भी होगी जांच
सफाई मित्र सुरक्षा शिविर के माध्यम से स्वच्छता कार्य में लगे कर्मियों के स्वास्थ्य की जांच करने और उन्हें जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर भी ध्यान दिया जाएगा. जिला प्रशासन की ओर से पंचायत स्तर पर विभिन्न जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी. अभियान के माध्यम से स्वच्छता को दैनिक जीवन के साथ-साथ सामुदायिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाने पर जोर दिया जाएगा.
