Samrat Choudhary Thawe Mandir: बिहार के प्रमुख सिद्धपीठ थावे मंदिर में मां सिंहासनी का दर्शन करने बुधवार को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, ग्रामीण कार्य विकास मंत्री सुनील कुमार और भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी के साथ पहुंचे. मंदिर परिसर में पहले से मौजूद विधायक सुभाष सिंह, एमएलसी सुभाष सिंह समेत सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री और मंत्रियों का स्वागत किया.
नारियल, चुनरी और प्रसाद चढ़ाकर की पूजा
मुख्यमंत्री और मंत्रियों ने मां सिंहासनी के चरणों में नारियल, चुनरी और प्रसाद चढ़ाकर पूजा-अर्चना की तथा राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की. मंदिर के मुख्य पुजारी पं. संजय पांडेय, मुकेश पांडेय समेत अन्य पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना करायी.
मंदिर परिसर में विकास कार्यों की भी ली जानकारी
मां के दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पर्यटन विभाग के अधिकारियों, डीएम समीर सौरभ और एसपी विनय तिवारी के साथ मंदिर परिसर का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने मंदिर में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों से विकास योजनाओं की समीक्षा की.
कड़ी सुरक्षा के बीच मंदिर परिसर में मुस्तैद रहा प्रशासन
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर थावे मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये थे. प्रशासन के अधिकारी और पुलिस पदाधिकारी पूरे कार्यक्रम के दौरान मुस्तैद रहे. मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन हाइअलर्ट मोड में रहा.
