Bihar Flood 2026 : (मनीष राज) संभावित बाढ़-2026 को लेकर गोपालगंज जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. बाढ़ पूर्व तैयारियों की जमीनी हकीकत जानने के लिए जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने शनिवार को सारण तटबंध के पताहरा छड़की और मंगलपुर पुल का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने सुरक्षात्मक कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया.
Bihar News: तटबंधों की निगरानी और पेट्रोलिंग के दिए निर्देश
पताहरा छड़की के निरीक्षण के दौरान डीएम ने कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, गोपालगंज को निर्देश दिया कि बाढ़ पूर्व की सभी आवश्यक तैयारियां हर हाल में समय रहते पूरी कर ली जाएं. उन्होंने तटबंधों की नियमित निगरानी और लगातार पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी संवेदनशील स्थिति की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाए.
Gopalganj Flood: मंगलपुर पुल के सुरक्षात्मक कार्यों की समीक्षा
इसके बाद जिला पदाधिकारी मंगलपुर पुल पहुंचे, जहां चल रहे सुरक्षात्मक कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया. कार्य की धीमी प्रगति पर असंतोष जताते हुए उन्होंने संबंधित एजेंसी और अभियंताओं को निर्माण एवं मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर पूरा करने का निर्देश दिया.
Gopalganj News: लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी: डीएम
निरीक्षण के दौरान डीएम समीर सौरभ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रशासनिक और तकनीकी तैयारियां इतनी मजबूत हों कि संभावित बाढ़ की स्थिति में जान-माल का नुकसान न हो. उन्होंने चेतावनी दी कि सुरक्षात्मक कार्यों में किसी भी स्तर की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि संभावित बाढ़ से निपटने के लिए सभी विभागों को सतर्क रखा गया है और आवश्यक तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं.
