Bhorey Urea Shortage : गोपालगंज के भोरे प्रखंड कार्यालय में बुधवार को हुई बीस सूत्री की बैठक में यूरिया की किल्लत और कथित कालाबाजारी का मुद्दा सबसे ज्यादा गरमाया. सदस्यों ने निर्धारित कीमत से अधिक दाम पर खाद बेचने और किसानों को पर्याप्त यूरिया नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए अधिकारियों से जवाब मांगा. बैठक में राशन कार्ड, दाखिल-खारिज और कल्याणपुर मकतब स्कूल की जमीन पर अतिक्रमण का मुद्दा भी उठा.
यूरिया की किल्लत पर सदस्यों ने अधिकारियों को घेरा
प्रखंड कार्यालय के प्रमुख कक्ष में आयोजित बैठक में सदस्यों ने यूरिया की उपलब्धता को लेकर सवाल उठाए. सदस्यों का आरोप था कि किसानों को खाद की कमी का सामना करना पड़ रहा है और कुछ जगहों पर निर्धारित दर से अधिक कीमत पर यूरिया बेचे जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं.
कालाबाजारी पर दो दुकानों के लाइसेंस निलंबित
बैठक में कृषि विभाग की ओर से यूरिया की उपलब्धता और कार्रवाई की जानकारी दी गई. बीएओ नवीन चंद्र उपाध्याय ने बताया कि प्रखंड में 65 प्रतिशत यूरिया की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है. उन्होंने कहा कि कालाबाजारी के मामले में दो दुकानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं, जबकि कई अन्य दुकानदारों से स्पष्टीकरण मांगा गया है.
दाखिल-खारिज के 220 मामले लंबित
बैठक में जमीन से जुड़े दाखिल-खारिज के मामलों में देरी का मुद्दा भी उठा. सीओ अनुभव कुमार राय ने बताया कि राजस्व कर्मचारियों के तबादले के कारण 220 दाखिल-खारिज के मामले लंबित हैं. उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के योगदान करते ही लंबित मामलों के निष्पादन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
राशन कार्ड में सुधार का भी उठा मुद्दा
सदस्यों ने कटे हुए राशन कार्डों में सुधार नहीं होने की समस्या भी बैठक में रखी. इस पर एमओ ने जल्द राशन कार्ड से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया. सदस्यों ने पात्र लोगों के राशन कार्ड से संबंधित मामलों का जल्द निपटारा करने की मांग की.
कल्याणपुर मकतब स्कूल की जमीन पर अतिक्रमण का मामला
बैठक में कल्याणपुर मकतब स्कूल की जमीन पर अतिक्रमण का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया गया. सदस्यों ने स्कूल की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने और मामले में आवश्यक कार्रवाई की मांग की. इस मुद्दे को लेकर भी अधिकारियों से स्थिति स्पष्ट करने को कहा गया.
अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण का निर्णय
बैठक में कुछ अधिकारियों की अनुपस्थिति का मामला भी सामने आया. सदस्यों की चर्चा के बाद अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगने का निर्णय लिया गया. बैठक में मौजूद अधिकारियों को संबंधित समस्याओं के जल्द समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया.
इन अधिकारियों और सदस्यों की रही मौजूदगी
बैठक की अध्यक्षता बीस सूत्री अध्यक्ष एवं जदयू के प्रखंड अध्यक्ष विंदा सिंह कुशवाहा ने की. बैठक में प्रखंड प्रमुख राजेश कुमार राम, बीडीओ मुकेश कुमार, बीस सूत्री उपाध्यक्ष डॉ. मंकेश्वर दत्त राय, उप प्रमुख दीपू मिश्रा, सदस्य मोहन सिंह, अरविंद सिंह, संतोष कुशवाहा और रमावती देवी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे.
Also Read : अचानक स्कूल में पहुंच क्लास लेने लगे बिहार के ये DEO, शिक्षकों को भी समझाया पढ़ाने का तरीका
