गोपालगंज: नगर थाना क्षेत्र के बसडिला गांव में गुरुवार को लकड़ी को लेकर चल रहे पुराने विवाद ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया. दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गये. सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है.
तीन दिन पहले हुआ था विवाद
घायलों की पहचान बसडिला गांव निवासी तिलक मांझी, उनकी पत्नी गाया देवी, सुभावती देवी और निशा कुमारी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, तीन दिन पहले लकड़ी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था. उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था.
गुरुवार को इसी पुराने विवाद को लेकर एक बार फिर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गयी. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गयी.
लाठी-डंडे और तलवार से हमला करने का आरोप
घायल पक्ष का आरोप है कि दूसरे पक्ष के बीरेंद्र मांझी, अनूप मांझी, उपेंद्र मांझी, सिकंदर मांझी और नीरज मांझी ने लाठी-डंडे और तलवार से हमला कर दिया. हमले में परिवार के चार लोग घायल हो गये.
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
पुलिस मामले की जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. पुलिस ने बताया कि मामले में आवेदन मिलने के बाद आरोपों की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
Also Read : VIDEO : बांकीपुर में वोटिंग के बीच प्रशांत किशोर पर क्या-क्या कह रहे सत्ताधारी नेता, एक जगह देखिए
